युवराज सिंह की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, अब कोच के तौर पर संवारेंगे टीम की बल्लेबाजी

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ गए हैं, लेकिन इस बार वह मैदान पर बल्लेबाजी करने के लिए नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में रणनीति बनाने के लिए लौट रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने आधिकारिक तौर पर युवराज सिंह को अपना असिस्टेंट और बैटिंग कोच नियुक्त किया है। आगामी आईपीएल सीजन से पहले टीम ने यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे प्रशंसकों में काफी उत्साह है।
44 वर्षीय युवराज सिंह के लिए यह उनके करियर की पहली औपचारिक कोचिंग भूमिका है। युवराज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी20 मैच खेले हैं और दो विश्व कप जीत का अहम हिस्सा रहे हैं। पिछले कुछ समय से वह कई उभरते हुए भारतीय सितारों के मेंटर रहे हैं, और अब वह अपनी इसी विशेषज्ञता का लाभ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों को देंगे।
पुराना रिश्ता और नई शुरुआत
युवराज सिंह का दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ पुराना नाता रहा है। साल 2015 में, जब यह टीम 'दिल्ली डेयरडेविल्स' के नाम से जानी जाती थी, तब युवराज को 16 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा गया था, जो उस समय आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। अब करीब एक दशक बाद वह एक नई जिम्मेदारी के साथ वापस लौटे हैं।
इस नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के फाउंडर पार्थ जिंदल ने कहा कि युवराज भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मैच-विनर्स में से एक हैं। उनकी जीत की मानसिकता और खिलाड़ियों के साथ जुड़ने की क्षमता टीम के लिए बेहद कीमती साबित होगी। वहीं, जीएमआर स्पोर्ट्स के फाउंडर किरण कुमार ग्रैंडी ने कहा कि युवराज का खेल की गहरी समझ और प्रतिस्पर्धी स्वभाव टीम के अभियान में बड़ा बदलाव लाएगा।
अपनी नई भूमिका पर बात करते हुए युवराज सिंह ने कहा,
"मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ जीवन के इस नए अध्याय को शुरू करने के लिए उत्साहित हूं। मेरा इस फ्रेंचाइजी के साथ पुराना संबंध रहा है, जिससे यह अवसर और भी खास हो जाता है। मैं 'दादा' (सौरव गांगुली) के साथ फिर से जुड़ने के लिए उत्सुक हूं, लेकिन इस बार हम दोनों कोच के तौर पर साथ होंगे।"
गौरतलब है कि युवराज सिंह ने अपने आईपीएल करियर में 132 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 2,750 रन बनाए और 36 विकेट झटके। अब उनके अनुभव का लाभ दिल्ली की युवा ब्रिगेड को मिलेगा।