दिल्ली के नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा 'युग युगीन भारत म्यूजियम'
पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने ₹3,230 करोड़ के युग युगीन भारत म्यूजियम को मंजूरी दी। जानें इस भव्य म्यूजियम की खासियतें।

देश की राजधानी दिल्ली अब दुनिया के सबसे बड़े म्यूजियम की मेजबानी करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने 'युग युगीन भारत म्यूजियम' (YYBM) के निर्माण को औपचारिक मंजूरी दे दी है। यह भव्य म्यूजियम दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक कॉम्प्लेक्स में विकसित किया जाएगा, जो भारत की समृद्ध विरासत को एक नई पहचान देगा।
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने ₹3,230 करोड़ का बजट तय किया है। पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (PIB) द्वारा मूल्यांकित इस प्रोजेक्ट को संस्कृति मंत्रालय द्वारा लागू किया जाएगा। खास बात यह है कि इसे चरणों में विकसित किया जाएगा, जिसकी समयसीमा वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 के बीच रखी गई है।
10 हजार साल का इतिहास और करोड़ों सैलानियों की उम्मीद
यह म्यूजियम केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भारत की 10,000 साल पुरानी सभ्यता का दर्पण होगा। लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर में फैला यह संस्थान डिस्प्ले एरिया के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम बनने की राह पर है। सरकार का अनुमान है कि यहाँ हर साल करीब एक करोड़ पर्यटक आएंगे।
म्यूजियम की खासियतों पर नजर डालें तो:
- विशाल संग्रह: यहाँ करीब 18 लाख कलाकृतियां और वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी, जो नेशनल म्यूजियम, एएसआई (ASI) के 52 साइट म्यूजियम, राज्य संग्रहों और निजी संस्थाओं से जुटाई जाएंगी।
- आधुनिक तकनीक: इसमें गणित, खगोल विज्ञान, भाषा, आस्था और व्यापार जैसे विषयों पर आधारित थीमेटिक गैलरी होंगी, जहाँ इमर्सिव टेक्नोलॉजी और इंटेलिजेंट बिल्डिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।
- विरासत का संरक्षण: मौजूदा हेरिटेज बिल्डिंग्स को ही नए तरीके से इस्तेमाल (Adaptive Reuse) किया जाएगा ताकि उनकी ऐतिहासिकता बनी रहे।
इस प्रोजेक्ट की शुरुआत का सिलसिला 18 मई 2023 को प्रधानमंत्री मोदी की घोषणा के साथ शुरू हुआ था। म्यूजियम का पहला हिस्सा, जो 'अलंकरण' (Adornment) थीम पर आधारित होगा, 2027 के उत्तरार्ध में नॉर्थ ब्लॉक में आम जनता के लिए खुलने की उम्मीद है।