यीडा बोर्ड बैठक में यमुना सिटी के विकास को मिली रफ्तार, किसानों की जमीन खरीद दर 6% बढ़ी

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 92वीं बोर्ड बैठक में यमुना सिटी और आसपास के क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। सोमवार को प्राधिकरण सभागार में अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) एवं यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीद दर में छह फीसदी की वृद्धि को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराज्यीय बस अड्डा, ताइवान सिटी और फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी परियोजनाओं के लिए भूमि आरक्षित करने के फैसले लिए गए। बैठक में यीडा के सचिव एवं बोर्ड सदस्य सचिव राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों के एजेंडा बिंदु प्रस्तुत किए, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद निर्णय लिए गए। बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1,853.74 करोड़ रुपये दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 90.25 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं इसी अवधि में प्राधिकरण का कुल व्यय 3,690.64 करोड़ रुपये रहा, जिसमें भूमि अधिग्रहण और विभिन्न बैंकों से लिए गए ऋण की अदायगी पर 3,371 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप और ताइवान सिटी को मंजूरी
बोर्ड ने सेक्टर-13 और सेक्टर-14 में 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल हब स्थापित करने का निर्णय लिया। इसके अलावा सेक्टर-14 में 480 एकड़ भूमि पर यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएगी, जबकि सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ भूमि पर मंडी स्थापित करने तथा सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ भूमि पर आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए भूमि चिह्नित की गई है। नोएडा एयरपोर्ट के समीप उद्यमियों, यात्रियों और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डे की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्णय भी लिया गया है। सेक्टर-06 में ताइवान आधारित उद्योगों के लिए ताइवान सिटी विकसित करने के उद्देश्य से 300 एकड़ भूमि आरक्षित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी विनिर्माण क्षेत्र में भविष्य के निवेश को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा यीडा ने सेक्टर-06 में करीब 100 से 125 एकड़ भूमि फार्मास्युटिकल फॉर्मुलेशन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के विकास के लिए आरक्षित करने का निर्णय लिया है, जिसमें जीएमपी (GMP) मानकों के अनुरूप विभिन्न फिनिश्ड डोजेज फॉर्म के निर्माण की परिकल्पना की गई है。
मेडिकल डिवाइस पार्क में टेस्टिंग सुविधा और किसानों की जमीन दर में वृद्धि
यीडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में एफडीए (FDA) की एएससीए (ASCA) योजना के अनुरूप मेडिकल डिवाइस टेस्टिंग फैसिलिटी स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिसके लिए टेक्निकल एक्सपर्ट कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है। बोर्ड ने गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के फेज-1 क्षेत्र के सुनियोजित विकास को ध्यान में रखते हुए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर वर्तमान 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर की भूमि खरीद दर में छह फीसदी वृद्धि कर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा आबादी भूखंड समेत वैकल्पिक दर निर्धारित करने का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही, आगरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे के चेनज 161.21 पर सर्विस रोड पर कारबन नदी के ऊपर कलवर्ट (माइनर ब्रिज) निर्माण को भी मंजूरी दी गई है, जिससे वर्षा के मौसम में यातायात सुचारु रखने और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।