दिल्ली में पहली बार सजेगा वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का मंच, किरेन रिजिजू और अनुराग ठाकुर ने किया स्वागत
दिल्ली में पहली बार आयोजित हो रही है वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप, जिसमें 60 देशों के 1700 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत के केंद्र में है। दिल्ली में पहली बार 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस खास मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने इस आयोजन का स्वागत करते हुए इसे भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
इस भव्य प्रतियोगिता का आयोजन 'पीपल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया' (PAFI) द्वारा वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन (WAF) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रीति झंगियानी और परवीन डबास के नेतृत्व में आयोजित इस चैंपियनशिप में दुनिया भर के 60 से अधिक देशों के करीब 1,700 खिलाड़ी, अधिकारी और समर्थक दिल्ली पहुंचे हैं, जो इसे अब तक के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आर्मरेसलिंग आयोजनों में से एक बनाता है।
खेलों के प्रति भारत का बढ़ता जुनून
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत में पहली बार इतने बड़े स्तर पर वर्ल्ड क्लास आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का होना गर्व की बात है। उन्होंने आयोजन समिति और भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे ताकतवर खिलाड़ी अब भारत की धरती पर अपनी ताकत दिखाएंगे। रिजिजू ने दिल्ली और आसपास के लोगों से अपील की कि वे इस रोमांचक प्रतियोगिता को देखने जरूर आएं।
वहीं, पूर्व खेल मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने इसे देश में खेलों के बढ़ते प्रोत्साहन का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि 60 देशों की भागीदारी यह दर्शाती है कि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों को बढ़ावा दे रहा है। ठाकुर ने आगे कहा कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी और 2036 ओलंपिक की दावेदारी के बीच ऐसे आयोजनों से भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। इस प्रतियोगिता में लगभग 250 भारतीय खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएंगे।
यह चैंपियनशिप 29 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक चलेगी, जिसमें सामान्य और पैरा-एथलीट दोनों श्रेणियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। उद्घाटन समारोह में वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष असेन हाडजिटोडोरोव सहित दुनिया भर के खेल दिग्गज मौजूद रहे।