WhatsApp पर अब मैसेज भेजने जैसा आसान होगा बिल भुगतान और बैंकिंग, कुणाल शाह ने किया खुलासा
WhatsApp अब मैसेजिंग के साथ-साथ बिल भुगतान और बैंकिंग जैसी सुविधाएं ला रहा है। जानें कुणाल शाह ने क्या कहा।

दुनिया का सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp अब सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रहने वाला है। कंपनी अब इसे एक ऐसे प्लेटफॉर्म में बदलने की तैयारी कर रही है, जहां आप अपने रोजमर्रा के काम जैसे बिल भरना या पैसे उधार लेना, बिल्कुल वैसे ही कर सकेंगे जैसे आप किसी को मैसेज भेजते हैं। WhatsApp के हेड कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की है कि कंपनी यूजर्स के अनुभव को और सरल बनाने के लिए वित्तीय सेवाओं और टेलीकॉम पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रही है।
कुणाल शाह ने बताया कि अक्सर कई काम WhatsApp चैट से शुरू तो होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए यूजर्स को दूसरे ऐप्स या प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है। इस प्रक्रिया में समय बर्बाद होता है और यूजर का अनुभव प्रभावित होता है। कंपनी का लक्ष्य इन 'हैंडऑफ' या अतिरिक्त स्टेप्स को खत्म करना है, ताकि किसी काम को पूरा करना उतना ही आसान हो जितना उसे शुरू करना।
AI की मदद से आसान होंगे अपॉइंटमेंट और बुकिंग
सिर्फ बैंकिंग ही नहीं, WhatsApp अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेकर यूजर्स की जिंदगी को और आसान बनाने जा रहा है। AI की मदद से यूजर्स को जरूरी जानकारी खोजने, टास्क पूरे करने और अपनी बुकिंग्स या अपॉइंटमेंट्स को ट्रैक करने में मदद मिलेगी। कुणाल शाह के मुताबिक, तकनीक ऐसी होनी चाहिए जो यूजर का समय बचाए ताकि वे अपने करीबियों के साथ ज्यादा वक्त बिता सकें।
इसके साथ ही, ऐप के मौजूदा फीचर्स जैसे वॉइस नोट्स, स्टिकर्स, ग्रुप्स और वीडियो कॉलिंग को और बेहतर बनाया जाएगा। आपको जानकर हैरानी होगी कि WhatsApp पर रोजाना 100 अरब से ज्यादा मैसेज और 2 अरब कॉल किए जाते हैं। वहीं, हर दिन 10 अरब से ज्यादा वॉइस मैसेज और 4 अरब स्टिकर्स भेजे जा रहे हैं।
इन तमाम बदलावों के बीच सबसे बड़ा सवाल प्राइवेसी का था, जिस पर कुणाल शाह ने स्पष्ट किया कि नई सेवाओं के आने से प्राइवेसी पर कोई आंच नहीं आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्सनल मैसेज और कॉल्स पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे। शाह ने जोर देकर कहा कि भरोसा कमाने में सालों लगते हैं और इसे खोने में एक पल, इसलिए सादगी, विश्वसनीयता और प्राइवेसी ही कंपनी की प्राथमिकता रहेगी।