K-pop का धमाका: दिल्ली में होगा Weverse Con Festival India 2027, HYBE ने की घोषणा

भारत में K-pop के चाहने वालों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक लेबल में से एक HYBE अब अपने मशहूर 'Weverse Con Festival' को भारत लेकर आ रहा है। यह फेस्टिवल 27 और 28 मार्च, 2027 को देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि कोरिया के बाहर यह इस फेस्टिवल का पहला संस्करण होगा, जो भारतीय फैंस के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
दो दिनों तक चलने वाले इस इवेंट में न केवल ग्लोबल K-pop स्टार्स नजर आएंगे, बल्कि इसमें भारतीय कलाकारों को भी मौका मिलेगा। HYBE इंडिया के मुताबिक, यह सिर्फ एक म्यूजिक कॉन्सर्ट नहीं होगा, बल्कि संगीत, फैन कल्चर और सांस्कृतिक अनुभवों का एक ऐसा संगम होगा, जिसे भारत ने पहले कभी नहीं देखा। यहां फैंस को अपने पसंदीदा कलाकारों के साथ जुड़ने और इंटरैक्ट करने के खास मौके मिलेंगे।
कलाकारों और फैंस का अनोखा मिलन
इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य कलाकारों और उनके फैन समुदायों के बीच की दूरी को कम करना है। इवेंट में लाइव परफॉरमेंस के अलावा ब्रांड एक्टिवेशन और इंटरैक्टिव फैन एंगेजमेंट सेशन भी होंगे। HYBE के सीईओ जेसन जेसांग ली ने इस मौके पर कहा कि भारत उनके ग्लोबल ग्रोथ के लिए एक अहम बाजार है और वे भारतीय रचनात्मकता के साथ मिलकर एक ऐसा अनुभव तैयार करना चाहते हैं जो स्थानीय दर्शकों के दिलों को छू ले।
वहीं, Weverse कंपनी के प्रेसिडेंट ज़ूइल यांग ने बताया कि Weverse एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो दुनिया भर के फैंस को जोड़ता है, और अब इस फेस्टिवल के जरिए वे इस डिजिटल अनुभव को असल दुनिया (ऑफलाइन) में बदलने जा रहे हैं।
इस भव्य आयोजन का को-प्रोडक्शन और प्रमोशन BookMyShow Live द्वारा किया जा रहा है। साथ ही, Kia India, Mastercard, Project B और Samsung इसके प्रेजेंटिंग पार्टनर्स हैं, जबकि NONGSHIM एसोसिएट पार्टनर के रूप में जुड़ा है। टिकटों की बात करें तो बैंकिंग पार्टनर Mastercard अपने कार्डधारकों को प्री-सेल टिकटों के लिए विशेष एक्सेस प्रदान करेगा।