पश्चिम दिल्ली में बुजुर्ग दंपती को टक्कर मारकर भागी कार, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को दबोचा

पश्चिम दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब 71 वर्षीय कुसुम तंगरा और उनके 79 वर्षीय पति दयानंद तंगरा आर्य समाज मंदिर से अपने घर लौट रहे थे। तभी एक अनियंत्रित हुंडई क्रेटा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गई।
हादसे के तुरंत बाद घायल दंपत्ति को कीर्ति नगर के कालरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक, दयानंद तंगरा के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुसुम तंगरा को मामूली चोटें लगी हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि दंपत्ति के बच्चे विदेश में रहते हैं, जिन्हें सूचित करने की कोशिश की जा रही है।
CCTV फुटेज से खुला राज, आरोपी महिला गिरफ्तार
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में देखा गया कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और बाहर निकलकर घटनास्थल का मुआयना भी किया, लेकिन घायलों की मदद करने के बजाय वह मौके से फरार हो गई।
वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने पुष्टि की है कि पुलिस ने आरोपी ड्राइवर, जिसकी पहचान 49 वर्षीय नवलीन कौर के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई क्रेटा (नंबर DL9CAR 2591) को भी जब्त कर लिया है। कीर्ति नगर पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।