विकासपुरी मेला हादसा: राइड से गिरकर महिला की मौत, बहन बोली- 'मेरी बहन मर गई और गरबा जारी रहा'

Kittu Kumari22 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
विकासपुरी मेला हादसा: राइड से गिरकर महिला की मौत, बहन बोली- 'मेरी बहन मर गई और गरबा जारी रहा'

दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक मेले के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ एक कार्निवल राइड से गिरने के कारण 27 वर्षीय गुड़िया की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मृतका की बहन अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही है। परिवार का सबसे गंभीर आरोप यह है कि इतनी बड़ी दुर्घटना होने और एक जान जाने के बावजूद मेले में जश्न का माहौल बना रहा और गरबा का आयोजन जारी रहा।

मृतका की बहन पूजा ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में पुलिस अधिकारी तो आए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखी है। पूजा ने रोते हुए कहा, "मेरी बहन की मौत हो गई, लेकिन मेला और गरबा अब भी चल रहा है। कोई ध्यान नहीं दे रहा है, हमें बस न्याय चाहिए।"

कैसे हुआ हादसा और क्या हैं परिजनों के आरोप?

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हादसे की जानकारी देते हुए गुड़िया के जीजा सोनू ने बताया कि पूरा परिवार मेले का आनंद लेने आया था। उन्होंने कहा कि करीब 12-13 लोग एक साथ 'मिक्सर' नाम की राइड पर सवार हुए थे। गुड़िया गेट के पास खड़ी थी, तभी अचानक बाहर से गेट खुल गया और वह नीचे गिर गई। इस हादसे में गुड़िया को सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं और उसकी हड्डी भी टूट गई। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके सीने में काफी खून भर गया था, जिसके कारण आरएमएल (RML) अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी हादसे में रवि नाम का एक 35 वर्षीय व्यक्ति भी घायल हुआ था, जिसका इलाज चल रहा है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें शव सौंपने में काफी दिक्कतें आईं और प्रशासन ने समय सीमा का हवाला देकर शव अगले दिन देने की बात कही। हालांकि, पुलिस ने परिजनों को सूचित किया है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन परिवार का कहना है कि वे केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि वास्तविक न्याय चाहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 1:36 बजे विकासपुरी के एफ ब्लॉक स्थित दशहरा ग्राउंड में हुई। शुरुआती जांच में पता चला है कि राइड का सिक्योरिटी गेट टूट गया था, जिससे दो लोग नीचे गिर गए। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

बता दें कि बिहार की रहने वाली गुड़िया दिल्ली के उत्तम नगर में अपनी बहन और जीजा के साथ रहती थी और यहाँ घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।

Share:

Comments

Leave a comment