फेक एंडोर्समेंट से परेशान विजय देवरकोंडा, पर्सनैलिटी राइट्स के लिए पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा ने अपनी पहचान और छवि के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए कानूनी रास्ता अपनाया है। अभिनेता ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और अपने 'पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स' की सुरक्षा की मांग की है। देवरकोंडा का आरोप है कि उनके नाम, फोटो और व्यक्तित्व के अन्य पहलुओं का बिना अनुमति के इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
जस्टिस विकास महाजन की कोर्ट में इस मामले की संक्षिप्त सुनवाई हुई। अभिनेता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता स्वाति सुकुमार ने बताया कि कई लोग खुद को विजय देवरकोंडा का एजेंट बताकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और फर्जी एंडोर्समेंट (Fake Endorsements) कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उनकी तस्वीरों और व्यक्तित्व का इस्तेमाल करके कमर्शियल मर्चेंडाइज भी बेचे जा रहे हैं, जो पूरी तरह से गैर-कानूनी है।
AI और डिजिटल हेरफेर पर जताई चिंता
अदालत में दायर याचिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा जेनरेट किए गए कंटेंट और तस्वीरों के साथ डिजिटल छेड़छाड़ पर भी गंभीर चिंता जताई गई है। इसके अलावा, अभिनेता ने उन आपत्तिजनक और अश्लील सामग्रियों को हटाने की मांग की है, जिनमें उनकी छवि के साथ गाली-गलौज या अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। वकील ने कोर्ट को यह भी जानकारी दी कि याचिका दायर होने के बाद कुछ विवादित यूआरएल (URLs) को हटा लिया गया है।
हाई कोर्ट ने इस मामले में समन जारी किए हैं और अंतरिम निषेधाज्ञा (Interim Injunction) की अर्जी पर नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही इस अंतरिम आवेदन पर अपना आदेश सुनाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में मशहूर हस्तियों द्वारा अपनी छवि बचाने के लिए अदालतों का रुख करने का चलन बढ़ा है। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर, रजनीकांत, तब्बू और ऑलु अर्जुन जैसी बड़ी हस्तियों के पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए आदेश दिए हैं। खेल जगत से युवराज सिंह और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों ने भी इसी तरह की कानूनी लड़ाई लड़ी है।