Verka ने बढ़ाई दूध की कीमतें, दिल्ली-NCR और पंजाब में अब महंगे होंगे पैकेट
Verka ने पंजाब और दिल्ली-NCR में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। जानें अब आपको दूध के पैकेट के लिए कितने पैसे चुकाने होंगे।

अगर आप अपने घर में Verka दूध का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपकी जेब पर थोड़ा ज्यादा बोझ पड़ेगा। पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड ने दिल्ली-NCR और पंजाब के बाजारों में दूध के विभिन्न वेरिएंट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 13 नवंबर 2026 की सुबह से लागू हुए इन नए रेट्स के कारण अब ग्राहकों को दूध के पैकेट के लिए 1 रुपये से लेकर 8 रुपये तक ज्यादा चुकाने होंगे।
जानें कितना बढ़ा दूध का दाम
कंपनी ने अलग-अलग पैक साइज और दूध की किस्मों के हिसाब से कीमतें तय की हैं। 500 मिलीलीटर के पैकेटों में सबसे ज्यादा असर फुल क्रीम दूध पर पड़ा है, जिसकी कीमत 36 रुपये से बढ़कर अब 38 रुपये हो गई है। इसी तरह स्टैंडर्ड दूध 33 रुपये से बढ़कर 35 रुपये और काउ मिल्क (गाय का दूध) 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो गया है। टोंड मिल्क अब 31 रुपये और डबल टोंड मिल्क 28 रुपये में मिलेगा, जबकि स्किम्ड मिल्क की कीमत 25 रुपये तय की गई है।
बड़े पैकेटों की बात करें तो 1 लीटर फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये का मिलेगा और स्टैंडर्ड दूध 65 रुपये से बढ़कर 69 रुपये का हो गया है। टोंड मिल्क के 1 लीटर पैक की कीमत 61 रुपये और डबल टोंड मिल्क की 55 रुपये कर दी गई है। वहीं, 1.5 लीटर और 2 लीटर के बड़े पैक पर 6 से 8 रुपये तक की बढ़ोत्तरी देखी गई है।
हैरानी की बात यह है कि कंपनी ने कुछ पैकेटों की मात्रा (Quantity) भी कम कर दी है। 350 मिलीलीटर वाला टोंड मिल्क अब केवल 320 मिलीलीटर का मिलेगा और 450 मिलीलीटर वाला स्टैंडर्ड मिल्क अब 430 मिलीलीटर का हो गया है, हालांकि इनकी कीमत 30 रुपये ही रखी गई है।
मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पैकेट पर पुराना रेट छपा है, तब भी ग्राहकों को नई दरों पर ही भुगतान करना होगा। डीलरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों पर अपडेटेड प्राइस लिस्ट लगाएं। गौरतलब है कि साल 2026 में Verka की यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है, जो अमूल और मदर डेयरी द्वारा 12 नवंबर को कीमतें बढ़ाने के ठीक बाद आई है।