वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026: 18 अक्टूबर को दौड़ेगी दिल्ली, 41 हजार धावकों का लगेगा जमावड़ा

Kittu Kumari17 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026: 18 अक्टूबर को दौड़ेगी दिल्ली, 41 हजार धावकों का लगेगा जमावड़ा

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर रफ्तार और जोश के रंग में रंगने वाली है। वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस के तहत वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण का आयोजन रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को होने जा रहा है। यह पूरी दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी। इस बार इस आयोजन में रिकॉर्ड 41,000 से ज्यादा धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बना सकता है।

इस मेगा इवेंट की शुरुआत सीएम रेखा गुप्ता हरी झंडी दिखाकर करेंगी। इस मौके पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमण्यन, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और बीएसएफ डायरेक्टर जनरल प्रवीण कुमार जैसे सैन्य और अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारी भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। प्रोकाम इंटरनेशनल द्वारा आयोजित इस रेस में अंतरराष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

इनामी राशि और रेस का शेड्यूल

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मैराथन में जीतने वाले धावकों के लिए प्राइज मनी का बड़ा ऐलान किया गया है। कुल प्राइज पूल 2,75,732 अमेरिकी डॉलर है। इसमें पुरुषों और महिलाओं की एलीट कैटेगरी के विजेताओं को 27,000 डॉलर मिलेंगे, जबकि कोर्स रिकॉर्ड बनाने पर 12,000 डॉलर का बोनस दिया जाएगा। भारतीय एलीट विजेताओं के लिए 3,50,000 रुपये, 2,50,000 रुपये और 1,50,000 रुपये के शीर्ष पुरस्कार रखे गए हैं।

रेस का समय कुछ इस तरह तय किया गया है:

  • एलीट पुरुष: सुबह 5:18 बजे
  • एलीट महिला: सुबह 5:20 बजे
  • ओपन 10K: सुबह 7:35 बजे
  • ग्रेट दिल्ली रन: सुबह 9:05 बजे

धावकों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो ने खास इंतजाम किए हैं। रेड, येलो, ब्लू और वायलेट लाइनों पर मेट्रो सुबह 3:30 बजे से ही चालू हो जाएगी। रजिस्टर्ड प्रतिभागियों को उनके क्यूआर-कोड रिस्टबैंड दिखाने पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि इस बार ओपन 10K रेस की शुरुआत संसद मार्ग के बजाय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से ही होगी और रूट में 10 से 13 किलोमीटर के बीच मामूली बदलाव किए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment