वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026: एवरेस्ट विजेता समेत 25 पेसर्स संभालेंगे कमान

राजधानी में दौड़ के शौकीनों के लिए एक बड़ा अपडेट है। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। प्रोकाम इंटरनेशनल द्वारा आयोजित यह वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस 18 अक्टूबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इस बार की दौड़ की सबसे खास बात यह है कि धावकों का मार्गदर्शन करने के लिए 25 अनुभवी 'पेस सेटर्स' (Pacers) की एक टीम तैयार की गई है, जिसमें एक एवरेस्ट विजेता भी शामिल हैं।
यह पूरी इवेंट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी। पेसर्स की इस टीम में सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट जगत के CXOs, सरकारी अधिकारी और उद्यमी भी शामिल हैं, जो देश के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं। कुल 25 पेसर्स में से 11 सदस्य दिल्ली-एनसीआर के बाहर से अपनी सेवाएं देने आ रहे हैं।
दौड़ की रणनीति और अनुभवी चेहरे
आयोजकों के मुताबिक, हाफ मैराथन कैटेगरी के लिए 17 पेसर्स तैनात किए गए हैं, जो 1 घंटे 50 मिनट से लेकर 2 घंटे 40 मिनट के बीच फिनिश टाइम टारगेट करेंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ के लिए केवल महिलाओं की एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें 8 पेसर्स शामिल हैं। इनका लक्ष्य 55 से 88 मिनट के बीच दौड़ पूरी करवाना होगा।
इस टीम में कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। सरकारी अधिकारियों की बात करें तो इनकम टैक्स के जॉइंट कमिश्नर, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी और रेलवे बोर्ड के जॉइंट डायरेक्टर (फाइनेंस) रजत अग्रवाल भी पेसर्स के रूप में दौड़ेंगे।
अनुभव के मामले में भी यह टीम काफी मजबूत है। दीपक शर्मा अपनी 16वीं बार की भागीदारी दर्ज कराएंगे, जबकि गणेश अनंतनारायणन (13 एडिशन) और संजय छाबड़ा (लगातार 12वां एडिशन) भी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा, थंडेस्वरन पेरियासामी भी इस टीम का हिस्सा हैं, जो पिछले 2,850 से अधिक दिनों से लगातार दौड़ने का रिकॉर्ड रखते हैं।