वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलेगी देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ
पीएम मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जानें समय और सुविधाओं की पूरी जानकारी।

भारतीय रेलवे के सफर में एक और बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे। यह ट्रेन प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की रेल कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करेगी।
इस नई सेवा की शुरुआत 31 अक्टूबर 2026 को होगी। उद्घाटन के दिन ट्रेन नंबर 0527 शाम 4:15 बजे वाराणसी से रवाना होगी और 1 नवंबर को रात 2:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। नियमित सेवा शुरू होने के बाद, ट्रेन नंबर 27421 रात 8:50 बजे वाराणसी से चलकर सुबह 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी के लिए ट्रेन नंबर 27422 रात 9:40 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान कर सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी, जिसमें शुक्रवार को वाराणसी और शनिवार को नई दिल्ली से प्रस्थान नहीं होगा।
रफ्तार और सुविधाओं का बेजोड़ संगम
यह 16 कोच वाली पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन है, जिसमें कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं। इसमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल है। 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक दौड़ने वाली इस ट्रेन में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जैसे:
- वाई-फाई और यूएसबी चार्जिंग पोर्ट।
- टच-फ्री बायो-टॉयलेट्स।
- फर्स्ट एसी कोच में हॉट-वाटर शॉवर की सुविधा।
सुरक्षा के लिहाज से भी इस ट्रेन को हाई-टेक बनाया गया है। इसमें ट्रेन कोलिजन अवॉयडेंस सिस्टम (TCAS), सीसीटीवी कैमरे और धुएं का पता लगाने वाले सेंसर लगाए गए हैं। करीब 759 किलोमीटर की इस दूरी को तय करने में यह ट्रेन शिव गंगा एक्सप्रेस के मुकाबले लगभग 55 मिनट का समय बचाएगी, जिससे यात्रियों का सफर और भी आसान और तेज हो जाएगा।