ट्रांस यमुना क्षेत्र के विकास को रफ्तार, 1090 प्रोजेक्ट्स की समीक्षा और 110 करोड़ जारी
ट्रांस यमुना एरिया डेवलपमेंट बोर्ड ने 1090 प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की और विकास कार्यों के लिए 110.10 करोड़ रुपये जारी किए।

दिल्ली के ट्रांस यमुना इलाकों की सूरत बदलने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। ट्रांस यमुना एरिया डेवलपमेंट बोर्ड (TYADB) की 62वीं बैठक दिल्ली सचिवालय में आयोजित की गई, जिसमें ट्रांस यमुना क्षेत्र विकास के लिए बड़ी योजनाओं पर चर्चा हुई। बोर्ड के चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए 1,090 नए विकास प्रस्तावों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान यह अहम जानकारी सामने आई कि पहले से मंजूर किए जा चुके कार्यों के लिए पहली और दूसरी किस्तों के रूप में कुल 110.10 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस दौरान बोर्ड ने न केवल नए प्रस्तावों को देखा, बल्कि चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की प्रगति और बकाया बजट की जरूरतों पर भी मंथन किया। बैठक में दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ एमसीडी (MCD), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
डिजिटल पोर्टल से होगी प्रोजेक्ट्स की निगरानी
चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य ट्रांस यमुना क्षेत्र का संतुलित और व्यवस्थित विकास करना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए व्यक्तिगत रूप से विधायकों से संपर्क किया गया है ताकि हर क्षेत्र की सटीक जरूरतों को समझा जा सके। अब इन प्रोजेक्ट्स की निगरानी के लिए एक विभागीय पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे सभी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे काम की अपडेट एक ही जगह मिल सकेगी।
विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और फुट ओवरब्रिज जैसी बुनियादी सुविधाओं की एक विस्तृत सूची तैयार करें। साथ ही, यह तय किया गया है कि आगामी वित्तीय वर्ष के सभी प्रस्तावों को वित्त विभाग भेजने से पहले संबंधित विभागों द्वारा पूरी तरह जांचा जाएगा। कार्यों में तेजी लाने और चुनौतियों को दूर करने के लिए बोर्ड अब हर तीन महीने में बैठक करेगा, ताकि समय पर प्रोजेक्ट्स पूरे किए जा सकें।