तिलक नगर बेअदबी मामला: गुरु ग्रंथ साहिब का पन्ना फाड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, गुरुद्वारा कमेटी पर भी गिरी गाज
दिल्ली के तिलक नगर में गुरु ग्रंथ साहिब का पन्ना फाड़ने वाले आरोपी सतनाम सिंह को पुलिस ने पकड़ा, गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों पर भी मामला दर्ज।

पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक गुरुद्वारे में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के साथ बेअदबी का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने पवित्र ग्रंथ का पन्ना फाड़कर उसकी पवित्रता को भंग किया। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में अब गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों पर भी पुलिसिया कार्रवाई की जा रही है।
पूरी घटना तिलक नगर के ओल्ड साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 15 नवंबर की शाम करीब 4 बजे हुई थी, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने गुरु ग्रंथ साहिब का एक पन्ना फाड़ दिया था। हालांकि, इस घटना की जानकारी तुरंत नहीं मिली। लेकिन 17 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे जब वही संदिग्ध व्यक्ति दोबारा गुरुद्वारे में आया, तो कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, कमेटी के सदस्यों पर भी केस
सूचना मिलते ही तिलक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सतनाम सिंह (उम्र 40-45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने सतनाम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उस पर जानबूझकर दंगा भड़काने की कोशिश करने, धार्मिक स्थल को नुकसान पहुँचाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने जैसी धाराओं (धारा 192, 298 और 299 BNS) के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब कुछ धार्मिक संगठनों ने गुरुद्वारा कमेटी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष मनमोहन सिंह (71 वर्ष) समेत प्रेम सिंह, हरबीर सिंह, स्वरूप सिंह और सुखदेव सिंह को भी आरोपी मानते हुए उनके खिलाफ अलग से डीडी एंट्री दर्ज की है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस घृणित कृत्य को अंजाम क्यों दिया और गुरुद्वारा कमेटी की ओर से परिसर की सुरक्षा और घटना के बाद की कार्रवाई में क्या चूक हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि मामले की पूरी तह तक पहुंचा जा सके।