तिलक नगर में बंद घर का ताला तोड़कर बड़ी चोरी, लाखों के जेवर और नकदी पार
दिल्ली के तिलक नगर में एक बुजुर्ग के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के गहने और नकदी पार कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली के तिलक नगर इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। तिलक नगर के श्याम नगर एक्सटेंशन में रहने वाले 73 वर्षीय देवेंद्र सिंह के घर से चोरों ने सोने-चांदी के भारी जेवरात और बड़ी मात्रा में नकदी चोरी कर ली। यह पूरी घटना तब सामने आई जब बुजुर्ग अपने घर लौटे और घर का नजारा देखकर दंग रह गए।
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र सिंह 19 अक्टूबर को अपनी बेटी से मिलने के लिए गीता कॉलोनी गए हुए थे। जब वह 20 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे वापस अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि घर के मुख्य गेट के ताले और कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाने पर पता चला कि चोरों ने पूरे घर को तहस-नहस कर दिया है और अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया है।
चोरी हुए सामान की लंबी लिस्ट
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर से सोने का एक हार, एक चेन, तीन जोड़ी झुमके, तीन जोड़ी कान की बालियां, चार अंगूठियां और दो लॉकेट चोरी कर लिए हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल और एक ब्रेसलेट भी गायब है। जेवरों के साथ-साथ चोर 1.33 लाख रुपये नकद और कुछ विदेशी मुद्रा भी अपने साथ ले गए हैं।
इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और एक औपचारिक केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।