दिल्ली में Taekwondo Premier League सीजन 2 लॉन्च, दिसंबर में हैदराबाद में सजेगा मुकाबला
दिल्ली में Taekwondo Premier League सीजन 2 की शुरुआत हुई। अब 4 से 6 दिसंबर तक हैदराबाद में होगा रोमांचक मुकाबला।

राजधानी दिल्ली के टोरस सरोवर पोर्टिको में Taekwondo Premier League (TPL) के दूसरे सीजन का शानदार आगाज हो गया है। इस लीग के जरिए मार्शल आर्ट्स के इस खेल को एक नई पहचान और रफ्तार देने की कोशिश की जा रही है। लॉन्च इवेंट के दौरान यह साफ किया गया कि इस सीजन का मुख्य टूर्नामेंट 4 से 6 दिसंबर तक हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा, जहां दुनिया भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
इस खास मौके पर तेलंगाना सरकार के स्पेशल चीफ सेक्रेटरी जयेश रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में TPL के संस्थापक डुव्वुरी गणेश, चेयरमैन राजेश अग्रवाल और दो बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट ह्वांग क्यूंग-सेओन जैसी दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की।
टीम फॉर्मेट में होगा मुकाबला, बढ़ेगी खेल की रफ्तार
TPL के संस्थापक डुव्वुरी गणेश ने बताया कि इस लीग का मकसद ताइक्वांडो को अधिक गतिशील और प्रतिस्पर्धी बनाना है। दुनिया में पहली बार ताइक्वांडो को टीम फॉर्मेट में खेला जा रहा है, जो इसे पारंपरिक मुकाबलों से अलग बनाता है।
इस सीजन की खास बातें कुछ इस तरह हैं:
- टीमें और मैच: कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 31 मैच खेले जाएंगे। इसमें 28 राउंड-रॉबिन मैच और 3 नॉकआउट मुकाबले शामिल होंगे।
- टीम संरचना: हर टीम में दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, तीन भारतीय खिलाड़ी, एक सब्स्टिट्यूट, एक ग्रैंडमास्टर और एक कोच होगा।
- मैच का तरीका: प्रत्येक मैच पांच राउंड का होगा। हर राउंड में दो सब्स्टिट्यूशन की अनुमति होगी और हर 30 सेकंड में बदलाव संभव होगा।
आयोजकों का मानना है कि इस नए और अनोखे फॉर्मेट से खेल की गति बढ़ेगी और खिलाड़ियों की सटीकता व पावर में सुधार होगा। यह प्लेटफॉर्म न केवल भारतीय एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका देगा, बल्कि भारत में ताइक्वांडो की लोकप्रियता को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।