Taekwondo Premier League सीजन 2 का दिल्ली में आगाज, हैदराबाद में होगा मुकाबला
दिल्ली में Taekwondo Premier League सीजन 2 की शुरुआत हुई। अब यह टूर्नामेंट दिसंबर में हैदराबाद में खेला जाएगा। जानें पूरा शेड्यूल।

राजधानी दिल्ली के टॉरस सरोवर पोर्टिको में 25 अक्टूबर, 2026 को Taekwondo Premier League Season 2 का आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया। इस इवेंट के साथ ही खेल प्रेमियों के लिए रोमांच की नई लहर शुरू हो गई है। आयोजकों ने साफ किया है कि इस लीग का आगामी टूर्नामेंट 4 से 6 दिसंबर, 2026 तक हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा, जहां खिलाड़ी अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
लीग का फॉर्मेट और खास नियम
यह लीग अपने अनोखे टीम फॉर्मेट के लिए जानी जाती है। इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से हर टीम में तीन पुरुष और दो महिला एथलीट शामिल होंगे। इसके अलावा टीम के साथ एक कोच, एक ग्रैंडमास्टर और एक सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी भी रहेगा। प्रतियोगिता के ढांचे की बात करें तो इसमें कुल 31 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 28 राउंड-रॉबिन मुकाबले और तीन नॉकआउट स्टेज शामिल हैं।
खिलाड़ियों की श्रेणियों को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। पुरुषों के लिए 62-69 किग्रा और महिलाओं के लिए 52-55.5 किग्रा कैटेगरी रखी गई है। खास बात यह है कि हर टीम में दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और तीन भारतीय खिलाड़ी होंगे। खेल की गति और तकनीकी सटीकता को बढ़ाने के लिए लीग में हर 30 सेकंड में बदलाव की अनुमति है और प्रति राउंड दो सब्स्टिट्यूशन किए जा सकते हैं।
TPL के संस्थापक गणेश दुव्वुरी ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य ताइक्वांडो को आधुनिक, तेज और अधिक गतिशील बनाना है। वह चाहते हैं कि एथलीटों को वह तकनीकी, वित्तीय और कोचिंग सपोर्ट मिले, जिसकी उन्हें ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए जरूरत होती है।
लॉन्च इवेंट के दौरान तेलंगाना के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन, TPL के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मून की जू और दो बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता ह्वांग क्यूंग-सेओन जैसी बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। अब इस लीग की नजरें वैश्विक विस्तार पर हैं और मनीला में 'ग्लोबल ताइक्वांडो प्रीमियर लीग' की योजना बनाई जा रही है। अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि हैदराबाद में होने वाला यह आयोजन भारतीय एथलीटों को दुनिया के नक्शे पर एक नई पहचान दिलाएगा।