गुरुग्राम: भारत ने दुनिया को गंभीर बीमारियों के सस्ते और प्रभावी इलाज का रास्ता दिखाया: डॉ. श्रीनिवास
गुरुग्राम के सिनर्जी टेक फेस्ट 2026 में डॉ. श्रीनिवास लंका ने बताया कि कैसे भारत दुनिया को गंभीर बीमारियों के सस्ते और प्रभावी इलाज का रास्ता दिखा रहा है।

गुरुग्राम की एसजीटी यूनिवर्सिटी में आयोजित 'सिनर्जी टेक फेस्ट 2026' के नौवें स्टूडेंट एडिशन का शानदार समापन हुआ। इस तीन दिवसीय आयोजन में युवा मेधा और नवाचार का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने भविष्य की तकनीक और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति एक नई उम्मीद जगाई है। कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारत सरकार के नीति सलाहकार और सीएसआईआर-आईएमटेक रिसर्च काउंसिल के सदस्य डॉ. श्रीनिवास लंका ने भारत की वैश्विक उपलब्धियों पर जोर दिया।
डॉ. श्रीनिवास लंका ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने पूरी दुनिया को यह दिखाया है कि गंभीर बीमारियों का इलाज सस्ता और प्रभावशाली कैसे हो सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे गोरखपुर के मेनिनजाइटिस, वैश्विक स्तर पर टायफाइड और अफ्रीकी देशों में एड्स के मामलों से निपटने में भारत की युक्तियों ने काम किया। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद, जुनून और सही सोच के दम पर भारत आज दुनिया की 30 प्रतिशत दवाओं और 70 प्रतिशत वैक्सीन की मांग को पूरा कर रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दवाओं की ऊंची कीमतें आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
नवाचार और स्टार्टअप्स का बढ़ता इकोसिस्टम
इस टेक फेस्ट में छात्रों द्वारा 170 से अधिक प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए, जिनकी सराहना स्पेशल गेस्ट डॉ. नवनीत कुमार सहगल ने की। उन्होंने कहा कि भारत में आज स्टार्टअप्स का दुनिया का सबसे बड़ा इकोसिस्टम मौजूद है और देश ने गरीबी रेखा से बाहर निकलने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। डॉ. सहगल ने आगाह किया कि अब भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती अन्य देशों पर अपनी तकनीकी निर्भरता को कम करने की है।
वहीं, टेक महिंद्रा के पूर्व सीईओ और सर्वम एआई के निदेशक संजय कालरा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान क्रमबद्ध तरीके से करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि असली समस्याओं को पहचानें, उनके स्वभाव को समझें और फिर वास्तविक समाधान खोजने का प्रयास करें। इस गरिमामयी समारोह में एसजीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति पद्मभूषण राम बहादुर राय और कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अनिल कुमार कौल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में, नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।