जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा चूक की कोशिश, CISF ने संदिग्ध NRI को दबोचा

दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुरक्षा जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ने भागने की कोशिश की। सतर्क CISF जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। यह पूरी घटना तब शुरू हुई जब रूटीन सिक्योरिटी स्क्रीनिंग के दौरान एक्स-रे मशीन (XBIS) में एक संदिग्ध और घनी वस्तु दिखाई दी। जैसे ही सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ, यात्री घबरा गया और एग्जिट गेट की तरफ तेजी से भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था संदिग्ध पदार्थ
पकड़े गए व्यक्ति की जब गहन तलाशी ली गई, तो सुरक्षाकर्मी दंग रह गए। जांच के दौरान आरोपी के कपड़ों और सामान की तलाशी ली गई, जिसमें उसके अंडरगारमेंट के एक सिले हुए हिस्से में एक अज्ञात अर्ध-ठोस (semi-solid) पदार्थ छिपा हुआ पाया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान कुआलालंपुर में रहने वाले एक अनिवासी भारतीय (NRI) के रूप में बताई है।
CISF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी और बरामद संदिग्ध पदार्थ को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह व्यक्ति क्या ले जा रहा था और इस पदार्थ को छिपाकर लाने के पीछे उसका मकसद क्या था। CISF ने अपने जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय की सराहना की है, जिससे एक संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते टाल दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।