जंतर मंतर को प्रोटेस्ट साइट बनाने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, याचिकाकर्ता से मांगा हलफनामा
जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटिफाई करने के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता से हलफनामा मांगा है।

राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटिफाई किए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। अदालत ने याचिकाकर्ता को अपने दावों की पुष्टि के लिए एक हफ्ते के भीतर हलफनामा (Affidavit) दाखिल करने का आदेश दिया है, ताकि अदालत में पेश किए गए तथ्यों की जवाबदेही तय की जा सके।
यह सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जोयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने याचिकाकर्ता द्वारा लिखित दलीलों में पेश किए गए कुछ तथ्यों की सत्यता पर सवाल उठाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो भी तथ्य अदालत के सामने रखे जा रहे हैं, उनकी सटीकता की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से तय होनी चाहिए। इसी आधार पर कोर्ट ने निर्देश दिया कि सभी तथ्यात्मक दावों को अब हलफनामे के जरिए प्रमाणित करना होगा।
क्या है पूरा विवाद?
यह पूरा मामला दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन की जगह के रूप में डी-नोटिफाई कर दिया गया था। इस आदेश के बाद प्रदर्शनों के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को वैकल्पिक स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया था।
याचिकाकर्ता स्वाति सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुक्ता गुप्ता ने दलील दी कि उनके लिखित सबमिशन मुख्य रूप से कानूनी सिद्धांतों और न्यायिक मिसालों पर आधारित थे, न कि विवादित तथ्यों पर। हालांकि, कोर्ट इस बात की समीक्षा करना चाहता है कि क्या अधिकारियों ने जंतर मंतर की उपयोगिता और प्रभावशीलता पर पर्याप्त विचार किया था। इससे पहले 15 अक्टूबर को कोर्ट ने इस मामले में केंद्र और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई एक हफ्ते बाद होगी।