सुंदर नगरी की चिकन शॉप पर चली गोलियां, वीडियो गेम विवाद में दो आरोपी गिरफ्तार
वीडियो गेम के विवाद में सुंदर नगरी की एक चिकन शॉप पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट इलाके की सुंदर नगरी में एक चिकन शॉप पर फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस मामले में नंद नगरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात की जड़ महज एक वीडियो गेम का विवाद था, जिसने हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग तक पहुंच गया।
घटना 22 नवंबर की रात करीब 10:15 से 10:26 बजे के बीच ओ-ब्लॉक स्थित कबूतर चौक के पास 'अल हुरैन चिकन पॉइंट' पर हुई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों का मुख्य निशाना 26 वर्षीय कबाड़ी मोहम्मद मोहसिन था। हमलावरों ने दुकान पर फायरिंग की, लेकिन गनीमत रही कि मोहसिन बाल-बाल बच गया। गोली दुकान के अंदर रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक वॉटर ड्रम पर जा लगी, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
वीडियो गेम की रंजिश बनी हमले की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह हमला किसी बड़ी दुश्मनी के कारण नहीं, बल्कि 21 नवंबर को हुए एक मामूली झगड़े का नतीजा था। दरअसल, शिकायतकर्ता के छोटे भाई हुसैन और आरोपी दानिश के भतीजे के बीच वीडियो गेम को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने फायरिंग की योजना बनाई।
पुलिस ने इस मामले में 32 वर्षीय दानिश उर्फ जुनैद और 22 वर्षीय मोहम्मद फैजान उर्फ सुच्चा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, फैजान भी मारपीट और आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में संलिप्त रहा है। नंद नगरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।