तिरंगा यात्रा में सुधांशु त्रिवेदी ने पंजाब और झारखंड के मुद्दों पर केजरीवाल-राहुल पर साधा निशाना

तिरंगा यात्रा में केजरीवाल और राहुल गांधी पर हमला
ग्रेटर नोएडा में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यकारिणी की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने पंजाब और झारखंड के मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब हाईकोर्ट के बुधवार को ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और कलेक्टर कोऑर्डिनेटर के 85 पदों को लेकर दिए गए निर्णय के बाद केजरीवाल कहां गायब हो गए हैं।
गौतमबुद्ध नगर में आयोजित कार्यक्रम में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पंजाब सरकार ने सदन के पटल पर गलत बात कही थी, जो कोर्ट के आदेश के बाद साबित हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल पंजाब के मामले में मुंह में दही जमाकर बैठे हैं। उन्होंने झारखंड के मामले को लेकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी झारखंड के मामले में कान में तेल डालकर बैठे हैं। वह यत्र-तत्र-सर्वत्र विचित्र प्रकार के कार्य करते हुए फिर रहे हैं, लेकिन रांची जाने का उन्हें समय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र हितों के नवोदित झंडाबरदार भी अब कहां गायब हैं जिन्हें न तो पंजाब दिखाई दे रहा है और न ही झारखंड।
भारत के विकास और संसद सत्र को लेकर बयान
एक सवाल के जवाब में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि दो दिन बाद देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि कई ताकतें आगे बढ़ते भारत और विकासशील भारत की राह को अवरुद्ध करना चाहती हैं, और ऐसी शक्तियों से सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि भारत नई शक्ति के रूप में आगे उभर रहा है।
संसद के मानसून सत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में स्पष्ट रूप से कहा था कि सरकार सभी प्रकार के प्रश्नों का विस्तृत और व्यवस्थित रूप से उत्तर देने के लिए तैयार है, लेकिन इसके बाद विपक्ष ने उनका सामना नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे साबित होता है कि विपक्ष चर्चा से भागना चाहता है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक 'बिगड़े दिल के शहजादे' ने संसद के सत्र को एक प्रकार से बंधक बना लिया और जितनी चर्चा होनी चाहिए थी, उतनी नहीं हो पाई, हालांकि विधेयक पारित हो गए।
इस अवसर पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।