कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी पर कांग्रेस की चुप्पी, सुधंशु त्रिवेदी ने राहुल-सोनिया गांधी को घेरा

बीजेपी नेता सुधंशु त्रिवेदी ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छर के मामले में कांग्रेस की कथित चुप्पी पर जोरदार हमला बोला है। रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि जिस पायलट की बहादुरी की पूरी दुनिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत इजरायल और अमेरिका के राष्ट्रपतियों ने सराहना की, उस पर कांग्रेस नेतृत्व ने एक शब्द क्यों नहीं कहा।
सुधंशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी देश के गौरव के बजाय 'वोट बैंक की राजनीति' को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि कैप्टन स्मित मच्छर जैसे जांबाज पायलट के लिए कांग्रेस परिवार की ओर से न तो कोई सोशल मीडिया पोस्ट आया और न ही कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया।
वोट बैंक और विचारधारा पर उठाए सवाल
त्रिवेदी ने सीधे तौर पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि सोनिया गांधी, जिनकी आंखें बाटला हाउस एनकाउंटर के आरोपियों के लिए नम थीं, उन्हें कैप्टन स्मित के लिए एक शब्द की सहानुभूति नहीं है। वहीं, राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जो राहुल अक्टूबर 2023 में गाजा के मुद्दे पर ट्वीट और लेख लिख रहे थे, वे अब वोट बैंक के डर से इस मामले में पूरी तरह खामोश हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस की पुरानी विचारधारा पर प्रहार करते हुए पूछा कि जिन लोगों ने जाकिर नाइक, अफजल गुरु और बुरहान वानी जैसे नामों पर अपनी राय रखी, वे आज एक भारतीय नायक की बहादुरी पर चुप क्यों हैं? उन्होंने इसे आतंकवाद के प्रति 'मौन समर्थन' और राष्ट्रभक्ति के बीच के टकराव के रूप में पेश किया।
इसके अलावा, सुधंशु त्रिवेदी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इमरान मसूद और आराधना मिश्रा के बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस में 'भारत माता की जय' के नारों को रोकना और विवादित बयान देने वालों को पद देना एक पुरानी परंपरा बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि देश और यूपी की जनता राहुल गांधी से इन फैसलों और उनकी चुप्पी का हिसाब मांगेगी।