'परेशान राजकुमार को मनाने के लिए बनाई मॉक पार्लियामेंट', सुधंशु त्रिवेदी का कांग्रेस पर तीखा हमला
भाजपा सांसद सुधंशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट और गरीबी के दावों पर पलटवार करते हुए वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया।

भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधंशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित 'मॉक पार्लियामेंट' को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की कोशिशें नाकाम होने के बाद कांग्रेस ने अपने 'परेशान राजकुमार' (राहुल गांधी) को तसल्ली देने के लिए इस तरह का नाटक रचा है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुधंशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के राजनीतिक नैरेटिव को चुनौती देते हुए वर्ल्ड बैंक की 2025 की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने गरीबी कम करने में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। त्रिवेदी के मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में गरीबी सबसे तेज गति से घटी है।
वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट और गरीबी के आंकड़े
भाजपा सांसद ने आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब करीब 27 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे थे, लेकिन अब यह आंकड़ा घटकर मात्र 2.6 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने आय के स्तर में सुधार की बात करते हुए कहा कि 13-14 साल पहले करीब 57 प्रतिशत लोगों की दैनिक आय 4.2 डॉलर (वर्तमान मूल्य के अनुसार) से कम थी, जबकि आज केवल 16 प्रतिशत लोग ही ऐसे हैं जिनकी दैनिक आय 400 रुपये से कम है। इसका मतलब है कि 84 प्रतिशत लोग अब 400 रुपये प्रतिदिन से अधिक कमा रहे हैं।
सुधंशु त्रिवेदी ने आर्थिक असमानता को मापने वाले 'गिनी इंडेक्स' का जिक्र करते हुए दावा किया कि अगस्त 2025 में जारी रिपोर्ट के अनुसार भारत का स्कोर 22.5 रहा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे आर्थिक रूप से समान देशों में चौथे स्थान पर है और G7 व G20 देशों की तुलना में भारत में असमानता सबसे कम है।
कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए त्रिवेदी ने राहुल गांधी के पुराने बयानों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 2013 में कहा था कि गरीबी एक 'मानसिकता' है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का कहना था कि 'पैसा पेड़ों पर नहीं उगता'। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की इसी सोच ने देश के एक बड़े हिस्से को अत्यधिक गरीबी में रखा, जबकि मोदी सरकार हर व्यक्ति के जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे सफलतापूर्वक हासिल भी कर रही है।