Study in Sweden 2026: दिल्ली और हैदराबाद में छात्र मेले, STEM कोर्सेज की मिलेगी पूरी जानकारी
स्वीडन दूतावास दिल्ली और हैदराबाद में 'Study in Sweden 2026' फेयर आयोजित करेगा। STEM कोर्सेज और मास्टर डिग्री की पूरी जानकारी यहाँ मिलेगी।

अगर आप उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका आने वाला है। भारतीय छात्रों के लिए मास्टर डिग्री और रिसर्च के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए स्वीडन दूतावास ने 'Study in Sweden 2026' फेयर्स की घोषणा की है। यह कार्यक्रम अक्टूबर महीने में नई दिल्ली और हैदराबाद में आयोजित किए जाएंगे, जहां मुख्य रूप से साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स (STEM) के क्षेत्रों पर फोकस किया जाएगा।
इन मेलों का मकसद छात्रों को स्वीडन में पढ़ाई के लिए सही प्रोग्राम चुनने, आवेदन की प्रक्रिया, रेजिडेंस परमिट की जरूरतों और वहां के शैक्षणिक माहौल के बारे में विस्तार से बताना है। यह पहल भारत और स्वीडन के बीच रणनीतिक द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करेगी, जिससे शोधकर्ताओं और छात्रों की आवाजाही आसान हो सकेगी।
कब और कहां होंगे ये इवेंट्स?
दिल्ली के छात्रों के लिए यह इवेंट 28 अक्टूबर, 2026 को शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक 'जयपी वसंत कॉन्टिनेंटल होटल' में आयोजित होगा। वहीं हैदराबाद में 30 अक्टूबर को शाम 5:00 से 8:00 बजे तक और 31 अक्टूबर को सुबह 10:00 से दोपहर 1:00 बजे तक 'लेमन ट्री प्रीमियर HITEC सिटी' में सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले पुणे में भी SNY Cosmos द्वारा एक फेयर आयोजित किया गया था।
इन कार्यक्रमों में स्वीडन की 13 प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज हिस्सा लेंगी, जिनमें KTH रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, लुंड यूनिवर्सिटी, लिंकपिनिंग यूनिवर्सिटी और जोन्कोपिंग यूनिवर्सिटी जैसे नाम शामिल हैं। भारत में स्वीडन की राजदूत पेट्रा मेनांडर ने बताया कि स्वीडिश शिक्षा प्रणाली रचनात्मकता और आलोचनात्मक सोच (Critical Thinking) को प्राथमिकता देती है। उन्होंने 'ट्रिपल हेलिक्स' मॉडल का जिक्र किया, जिसमें सरकार, इंडस्ट्री और एकेडेमिया मिलकर काम करते हैं, ताकि छात्र इंडस्ट्री से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकें।
इच्छुक छात्र नेशनल पोर्टल universityadmissions.se के जरिए आवेदन कर सकते हैं, जिसकी फीस 900 SEK (लगभग 9,200 भारतीय रुपये) है। भारतीय आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे ऑटम इंटेक के पहले राउंड में आवेदन करें ताकि उन्हें अधिक विकल्प मिलें और रेजिडेंस परमिट की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय रहे। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 17 वर्ष होनी चाहिए और IELTS या TOEFL जैसे भाषा प्रवीणता मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य है।