Study in Sweden 2026: दिल्ली और हैदराबाद में जुटेंगे स्वीडन के टॉप यूनिवर्सिटीज, छात्रों को मिलेगा मौका
स्वीडन दूतावास दिल्ली और हैदराबाद में 'Study in Sweden 2026' फेयर आयोजित करेगा। पीजी और STEM कोर्स की पूरी जानकारी मिलेगी।

अगर आप उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका आने वाला है। भारत में स्वीडन का दूतावास 'Study in Sweden 2026' नाम से एजुकेशन फेयर का आयोजन करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए भारतीय छात्रों और अभिभावकों को स्वीडन में पोस्टग्रेजुएट स्टडीज से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी सीधे विशेषज्ञों से मिलने का मौका मिलेगा।
यह आयोजन दिल्ली और हैदराबाद के छात्रों के लिए आयोजित किया गया है। दिल्ली में यह फेयर 28 अक्टूबर 2026 को शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक जयपी वसंत कॉन्टिनेंटल होटल में होगा। वहीं, हैदराबाद के छात्र 30 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे से 8:00 बजे तक होटल लेमन ट्री प्रीमियर, HITEC सिटी में इस इवेंट का हिस्सा बन सकते हैं।
STEM कोर्स और स्कॉलरशिप पर रहेगा खास जोर
इस एजुकेशन फेयर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें स्वीडन की 13 प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें लुंड यूनिवर्सिटी, KTH, लिंकपिंग यूनिवर्सिटी, जोन्कोपिंग यूनिवर्सिटी और स्वीडिश यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज (SLU) जैसे बड़े संस्थान शामिल हैं। यह इवेंट मुख्य रूप से साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स (STEM) के क्षेत्र में मास्टर प्रोग्राम की तलाश कर रहे छात्रों की मदद के लिए बनाया गया है।
आयोजन के दौरान छात्रों को आवेदन प्रक्रिया, रेजिडेंस परमिट की बारीकियों और उपलब्ध स्कॉलरशिप के अवसरों के बारे में विस्तार से गाइड किया जाएगा। साथ ही, उन्हें स्वीडन के खास 'ट्रिपल हेलिक्स मॉडल' के बारे में बताया जाएगा, जिसमें शिक्षा जगत, इंडस्ट्री और सरकार मिलकर काम करते हैं ताकि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी मिले।
भारत में स्वीडन की राजदूत पेट्रा मेनांडर ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि स्वीडन की शिक्षा प्रणाली छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, क्रिएटिविटी और इनोवेशन को बढ़ावा देती है, जो उन्हें भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करती है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों का यह आदान-प्रदान भारत और स्वीडन के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक अहम कड़ी है।