श्रीलंका की सत्ताधारी पार्टी जेवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने किया दिल्ली भाजपा कार्यालय का दौरा

Kittu Kumari30 September 20262 min read3 viewsNational
श्रीलंका की सत्ताधारी पार्टी जेवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने किया दिल्ली भाजपा कार्यालय का दौरा

नयी दिल्ली। श्रीलंका की सत्ताधारी जनता विमुक्ति पेमना यानी जेवीपी के महासचिव टिल्विन सिल्वा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय का दौरा किया।इस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया। यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के निमंत्रण पर 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जेवीपी प्रतिनिधिमंडल की चल रही भारत यात्रा का हिस्सा है। आधिकारिक भाजपा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में महासचिव टिल्विन सिल्वा, केंद्रीय समिति के सदस्य चंद्रिका अधिकारी, संसद सदस्य अबूबुकर अथमबाबा, जिला समिति के सदस्य काबीलन सुंदरमूर्ति और अंतरराष्ट्रीय विभाग की सदस्य कल्पना मधुभाषिणी शामिल हैं।

इससे पहले सोमवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात की थी।अपने इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं से तय है। भाजपा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बातचीत भी शामिल है। यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा मुख्यालय में विभिन्न मोर्चों और विभागों से भी बातचीत करेगा तथा भारत की संसद और दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय का दौरा करेगा।

भाजपा के अनुसार इस दौरे का उद्देश्य दोनों राजनीतिक दलों के बीच संबंधों को और गहरा करना है।जेवीपी श्रीलंका में एक मार्क्सवादी-वामपंथी राजनीतिक दल है जिसके नेता राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके हैं। यह भाजपा प्रेस विज्ञप्ति पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले द्वारा जारी की गई थी। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 8 से 10 सितंबर तक कोलंबो का दौरा किया था और 9 सितंबर को उन्होंने कठिन समय में श्रीलंका के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया था। रक्षा मंत्री ने चक्रवात दितवाह के बाद भारत की त्वरित प्रतिक्रिया को याद किया और कहा कि श्रीलंका भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति के केंद्र में है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment