स्पंदना स्फूर्ति के साथ बड़ा साइबर फ्रॉड, 82 खातों में ट्रांसफर हुए 7.8 करोड़ रुपये
स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के बैंक खाते से 7.8 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई है। पैसे 82 अलग-अलग खातों में भेजे गए।

फाइनेंशियल सेक्टर की कंपनी स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड (Spandana Sphoorty Financial Ltd) के लिए एक बड़ा झटका लगा है। कंपनी ने खुलासा किया है कि उसके एक बैंक खाते से लगभग 7.80 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई है। यह पूरी वारदात बेहद शातिर तरीके से अंजाम दी गई, जिसमें रकम को एक साथ नहीं बल्कि 82 अलग-अलग बेनिफिशियरी अकाउंट्स में ट्रांसफर किया गया।
कंपनी ने सोमवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग में इस घटना की जानकारी दी। बताया गया कि 1 नवंबर को कंपनी को अपने बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन (unauthorised transactions) का पता चला। जैसे ही इस धोखाधड़ी की भनक लगी, कंपनी ने तुरंत एक्शन लेते हुए अपने प्रोडक्शन एनवायरमेंट में प्रभावित सेवाओं को रोक दिया।
बैंक और साइबर सेल से मांगी मदद
धोखाधड़ी का पता चलते ही स्पंदना स्फूर्ति ने संबंधित बैंक को सूचित किया और उनसे लेनदेन को रिवर्स करने तथा उन 82 खातों को फ्रीज करने की मांग की है जिनमें पैसा गया है। कंपनी ने इस मामले की विस्तृत जांच के लिए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी सूचित किया जा रहा है।
राहत की बात यह है कि कंपनी के पास साइबर फ्रॉड इंश्योरेंस है, जिसके तहत वह अब क्लेम फाइल कर रही है। हालांकि, इस खबर के आते ही शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में गिरावट देखी गई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इसके शेयर करीब 2 प्रतिशत गिरकर 185.85 रुपये पर आ गए।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से वित्तीय संस्थानों पर साइबर हमलों का खतरा बढ़ा है। हाल ही में AU स्मॉल फाइनेंस बैंक और SBI जैसे बड़े संस्थानों ने भी डेटा लीक और सुरक्षा संबंधी चिंताओं की खबरें साझा की थीं। ये घटनाएं दिखाती हैं कि डिजिटल बैंकिंग के दौर में वित्तीय संस्थानों के लिए साइबर सुरक्षा कितनी बड़ी चुनौती बन गई है।