दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डाब्री में खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या
दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डाब्री इलाके में आपसी विवाद में 30 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली के दक्षिण पश्चिम जिले के डाब्री इलाके में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ झंडा चौक के पास एक 30 वर्षीय युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे हुई। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके पेट और पीठ पर गहरे जख्म हो गए। खून से लथपथ हालत में पीड़ित को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश या आपसी विवाद?
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर कोई अनजान लोग नहीं, बल्कि पीड़ित के जानने वाले ही थे। बताया जा रहा है कि दो से तीन युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और हमलावरों ने चाकू निकालकर युवक पर हमला कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल मृतक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा रही है और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।