दक्षिण दिल्ली में विकास और सुरक्षा को लेकर हुई अहम बैठक

दक्षिण जिले की जिला स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हौज़ खास के एनसीयूआई ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने की। बैठक में जिले के भीतर विकास कार्यों, जनता की शिकायतों, महिलाओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण जैसे कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान सदस्यों ने पिछली बैठक में लिए गए फैसलों की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की। इसके अलावा, चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया और उन्हें समय पर पूरा करने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। बैठक में कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उपस्थित प्रमुख लोगों में विधायक शिखा राय, गजेंद्र यादव, चंदन कुमार चौधरी और सतीश उपाध्याय शामिल थे। इनके अलावा डीसीपी दक्षिण अनंत मित्तल, डीसीपी ट्रैफिक संदीप गुप्ता, अतिरिक्त डीसीपी दक्षिण ऐश्वर्या सिंह और एमसीडी दक्षिण जोन के चेयरमैन धर्मवीर सिंह जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।