दिल्ली सेना मुख्यालय में तैनात सोनीपत के हवलदार संदीप कुमार का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

दिल्ली में सेना मुख्यालय में तैनात सोनीपत निवासी हवलदार संदीप कुमार का सोमवार रात नाइट ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में दर्द होने से निधन हो गया। सोनीपत में सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी और उनके ज्येष्ठ पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।
हवलदार संदीप कुमार को ड्यूटी के दौरान सीने में तकलीफ हुई थी। उन्हें तुरंत सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके पिता कैप्टन जगदीश चंद ने बताया कि संदीप वर्ष 2002 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में दिल्ली में ड्यूटी एनसीओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
संदीप का जन्म वर्ष 1984 में हुआ था और वर्ष 2003 में उनकी शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी पुष्पा देवी और दो बेटे शौर्य तथा ग्रीक हैं। उनका परिवार वर्तमान में गन्नौर के गांधी नगर में रहता है। उनके भाई सूबेदार सतीश चंद पार्थिव शरीर लेकर गन्नौर पहुंचे थे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।