सोनिया विहार बनेगा टूरिज्म और स्पोर्ट्स हब, रिवर सफारी से बढ़ेगा रोमांच
दिल्ली सरकार सोनिया विहार खादर को पर्यटन और खेल केंद्र बना रही है। अब यहाँ इलेक्ट्रिक रिवर सफारी और एडवेंचर स्पोर्ट्स का मज़ा मिलेगा।

दिल्ली सरकार ने राजधानी के सोनिया विहार खादर इलाके की सूरत बदलने की तैयारी कर ली है। इस क्षेत्र को एक बड़े टूरिज्म और स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने का प्लान बनाया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत न केवल पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा, बल्कि खेल गतिविधियों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़कों का विस्तार किया जा रहा है और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए एक वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 10 नवंबर 2026 को 'नमो यमुना रिवर सफारी' का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। यह सफारी सोनिया विहार और जगतपुर के बीच 6 किलोमीटर की राउंड ट्रिप संचालित करती है। इस खास मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा मौजूद रहे।
इलेक्ट्रिक क्रूज और एडवेंचर स्पोर्ट्स का मज़ा
फिलहाल यहाँ एक इलेक्ट्रिक क्रूज उपलब्ध है, जिसमें 30 यात्री सवार हो सकते हैं। सरकार की योजना के मुताबिक, फरवरी या मार्च 2027 तक एक और इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा शुरू कर दी जाएगी। पर्यटकों के लिए यहाँ कई सुविधाएं मौजूद हैं, जिनमें फूड जोन, किड्स जोन, एंटरटेनमेंट जोन और शाम के समय चलने वाला एक थीम-बेस्ड म्यूजिकल फाउंटेन शामिल है।
पर्यटकों के लिए परिसर का प्रवेश शुल्क 50 रुपये रखा गया है, जबकि रिवर सफारी के टिकट की कीमत 500 रुपये प्रति व्यक्ति है। रोमांच के शौकीनों के लिए जल्द ही जेट स्कीइंग, स्केटिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स शुरू किए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए दो जेट स्की पहले ही खरीद ली हैं।
इस पूरे प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली टूरिज्म (DTTDC) मिलकर काम कर रहे हैं। विशेषज्ञों की एक टीम फिलहाल खादर की मिट्टी की लोड-बेयरिंग क्षमता की जांच कर रही है ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और मजबूत हो। गौरतलब है कि मानसून के कारण हर साल 1 जुलाई से 30 सितंबर तक रिवर सफारी का संचालन बंद रहेगा।