सोनिया गांधी के नागरिकता से पहले वोटर लिस्ट में नाम होने का मामला, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट
राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोनिया गांधी के नागरिकता से पहले वोटर लिस्ट में नाम होने के आरोपों पर दिल्ली पुलिस से ATR मांगी है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नागरिकता और वोटर लिस्ट में उनके नाम को लेकर एक कानूनी विवाद गहरा गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में आईपी एस्टेट पुलिस स्टेशन के एसएचओ (SHO) से एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है। यह पूरा मामला एक शिकायत पर आधारित है, जिसमें दावा किया गया है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से पहले ही मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था।
यह मामला वकील विकास त्रिपाठी द्वारा 24 अगस्त 2025 को दर्ज कराई गई एक शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोनिया गांधी को अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी, लेकिन उनका नाम 1980 की वोटर लिस्ट में ही दर्ज था। एडिशनल चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM) विनोद जोशी ने इस गंभीर आरोप पर संज्ञान लेते हुए पुलिस से रिपोर्ट मांगी है और अगली सुनवाई 28 नवंबर के लिए तय की है। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने 1980, 1981 और 1983 की मतदाता सूचियों की प्रमाणित प्रतियां पेश कीं, हालांकि कोर्ट ने उन्हें इन सूचियों की मूल प्रमाणित प्रतियां रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया है।
सेशन कोर्ट की टिप्पणी के बाद लौटा मामला
यह मामला एक लंबे कानूनी फेरबदल के बाद दोबारा मजिस्ट्रेट कोर्ट पहुंचा है। दरअसल, पहले मजिस्ट्रेट ने सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने से इनकार कर दिया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए सेशन कोर्ट में रिवीजन याचिका दायर की गई थी। स्पेशल जज (MP-MLA केस) विशाल गोगने ने 21 सितंबर को मजिस्ट्रेट के आदेश को रद्द करते हुए कहा कि पिछला आदेश 'नॉन स्पीकिंग' (अस्पष्ट) था और इसे केवल असत्यापित फोटोकॉपी के आधार पर खारिज कर दिया गया था।
सेशन कोर्ट ने यह भी गौर किया कि शिकायत के अनुसार सोनिया गांधी का नाम 1980 में वोटर लिस्ट में था, 1982 में हटाया गया और फिर 1983 में दोबारा जोड़ा गया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची केवल भारतीय नागरिकों के लिए होती है और शिकायत में दिए गए दस्तावेजों में सफदरजंग रोड, नई दिल्ली का पता दर्ज है। हालांकि, सेशन कोर्ट ने यह साफ किया कि वह खुद मजिस्ट्रेट की भूमिका नहीं निभा सकता, इसलिए मामले को दोबारा विचार के लिए मजिस्ट्रेट कोर्ट भेज दिया गया है। अब पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।