'होगा थोड़ा तमाशा', सोनिया गांधी ने अपनी आने वाली किताब पर तोड़ी चुप्पी, कहा- अब मेरी कहानी दुनिया जानेगी
सोनिया गांधी अपनी आने वाली किताब 'Belonging' के जरिए अपनी कहानी बयां करेंगी। उन्होंने कहा कि अब समय है कि लोग उनकी असल कहानी जानें।

कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी जल्द ही अपनी बायोग्राफी 'Belonging: A Journey of Love' लेकर आ रही हैं। इस किताब को लेकर उन्होंने एक दिलचस्प बयान दिया है। सोनिया गांधी का मानना है कि दशकों से दुनिया ने उनके बारे में अपनी कहानियां लिखी हैं, जिनमें कई बातें गलत, मनगढ़ंत या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई थीं। अब उन्होंने तय किया है कि वह खुद अपनी कहानी दुनिया के सामने रखेंगी ताकि तथ्यों को सही किया जा सके।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, "जब यह किताब आएगी, तो निश्चित रूप से कुछ तमाशा होगा। आखिर दशकों तक दूसरों ने मेरी 'कहानी' सुनाई है, अब मेरी बारी है।" उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस किताब के बाद लोगों की उनके प्रति राय बदल सकती है। कुछ लोग शायद उनके बारे में अपनी सोच बदल लें, तो कुछ की राय और खराब हो सकती है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में यह सब सामान्य है।
राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने का विरोध और निजी संघर्ष
अपनी यादों को साझा करते हुए सोनिया गांधी ने एक बड़ा खुलासा किया कि वह अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के फैसले के खिलाफ थीं। उन्होंने बताया कि उनके जीवन के बारे में जो कुछ भी लिखा गया, उसमें सच्चाई कम और कल्पनाएं ज्यादा थीं, इसीलिए उन्होंने अपनी असल कहानी और तथ्यों को दुनिया के सामने रखने का निर्णय लिया।
यह किताब सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को समेटे हुए है। इसमें इटली में उनके बचपन से लेकर कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में राजीव गांधी के साथ उनकी मुलाकात और प्यार की कहानी शामिल है। साथ ही, इस किताब में उन्होंने उन गहरे व्यक्तिगत दुखों का भी जिक्र किया है जिन्होंने उनके जीवन को बदल दिया, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या जैसी दर्दनाक घटनाएं शामिल हैं।
पब्लिशर अल्फ्रेड के नॉफ के अनुसार, 'Belonging: A Journey of Love' 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। 79 वर्षीय सोनिया गांधी, जो कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली नेता रही हैं, इस किताब के जरिए अपनी पहचान और भारत के साथ अपने गहरे रिश्ते को बयां करेंगी।