'सुरक्षा इसलिए हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो सके', राजीव गांधी को लेकर सोनिया गांधी का बड़ा दावा
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging' के जरिए बड़ा दावा किया है कि राजीव गांधी की सुरक्षा किसी साजिश के तहत हटाई गई थी।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर एक बेहद गंभीर और भावुक दावा किया है। अपनी नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' के संदर्भ में अपने बच्चों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से बातचीत करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनके पति की सुरक्षा को महज एक इत्तेफाक से नहीं, बल्कि जानबूझकर हटाया गया था ताकि उनकी हत्या की जा सके।
एक वीडियो के माध्यम से साझा की गई इस बातचीत में सोनिया गांधी ने उन दिनों को याद किया जब राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे। उन्होंने बताया कि उस दौरान राजीव गांधी अक्सर खुली जीप में यात्रा करते थे, जहां उन्हें पत्थरबाजी और भारी विरोध का सामना करना पड़ता था। सोनिया गांधी के मुताबिक, विशेष रूप से उन राज्यों के दौरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद लचर थी जहां विपक्षी दलों की सरकारें थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा के जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
बेटे राहुल गांधी ने भी जताई थी आशंका
सोनिया गांधी ने एक दिल दहला देने वाला किस्सा साझा करते हुए बताया कि उस समय छोटे राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ दौरों पर जाया करते थे। पत्थरबाजी और विरोध के दृश्यों को देखकर राहुल इतने डर गए थे कि घर लौटकर उन्होंने अपनी मां से कहा था, "मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे डर है कि मुझे जल्द ही उनके जनाजे में शामिल होने के लिए वापस आना पड़ेगा।" सोनिया गांधी ने कहा कि हालांकि उन्होंने पहले भी सुरक्षा का मुद्दा उठाया था, लेकिन बिहार दौरे के बाद उनकी चिंताएं चरम पर पहुंच गईं।
इस बातचीत पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनकी मां की 500 से अधिक पन्नों की इस किताब के बावजूद कुछ बातें अभी भी अनकही हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि सुरक्षा हटाने के पीछे एक सोची-समझी मंशा थी। उन्होंने कहा कि अपनी मां, प्रियंका और खुद के साथ बैठकर उन यादों को ताजा करना खुशी, हंसी और दर्द का मिला-जुला अनुभव रहा।
किताब के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने इसे अपनी यादों के आधार पर लिखा है, जिसमें राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें जोड़ी हैं। इसके अलावा, उन्होंने 1968 में इटली से भारत आने के अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय देश में फैली गरीबी ने उन्हें सबसे ज्यादा झकझोर दिया था।