सोनिया गांधी ने साझा किया भारत में बसने का सफर, लॉन्च की नई किताब 'Belonging'
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging' के जरिए भारत में बसने और अपनी पहचान खोजने के निजी संघर्षों को साझा किया।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी और भारत में अपनी जगह बनाने के संघर्षों को शब्दों में पिरोया है। सोमवार को उन्होंने अपनी नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' लॉन्च की। इस मौके पर उनके साथ उनके बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।
अपनी किताब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक नोट में सोनिया गांधी ने उन शुरुआती दिनों को याद किया जब वह पहली बार भारत आई थीं। उन्होंने बताया कि एक पूरी तरह से अनजान दुनिया, नई संस्कृति और नए परिवार का हिस्सा बनना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने लिखा कि शुरुआत में वह अक्सर सोचती थीं कि वह आखिर कहां फिट बैठती हैं।
अनजान दुनिया से अपनेपन तक का सफर
सोनिया गांधी ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी जगह खोजने में उन्हें काफी समय लगा। उन्होंने इसकी तुलना उन युवा भारतीय महिलाओं के अनुभव से की, जो शादी के बाद एक नए घर और माहौल में ढलने की कोशिश करती हैं। उन्होंने बताया कि जिस सफर की शुरुआत अनिश्चितता और विस्थापन के अहसास से हुई थी, वह धीरे-धीरे प्यार, स्वीकृति और गहरे अपनेपन में बदल गई।
इस किताब के विमोचन समारोह में विपक्षी दलों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, पी. चिदंबरम और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी इस मौके पर मौजूद रहे।