श्रद्धा वाल्कर मर्डर केस: आफताब ने लगाया जेल में जान से मारने का आरोप, कोर्ट ने दिए सुरक्षा के आदेश
श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला ने तिहाड़ जेल में जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया है, जिस पर कोर्ट ने सुरक्षा के आदेश दिए।

श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड के मुख्य आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की मुश्किलें अब जेल के भीतर बढ़ती नजर आ रही हैं। आफताब ने अदालत को बताया है कि तिहाड़ जेल के कुछ कैदी उसे जान से मारने और गंभीर शारीरिक चोट पहुँचाने की धमकी दे रहे हैं। इन गंभीर आरोपों के बाद साकेत जिला अदालत ने जेल प्रशासन को आफताब की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान आफताब ने अदालत के सामने अपनी आपबीती रखी। उसने बताया कि वह वर्तमान में तिहाड़ जेल की जेल नंबर 4A में बंद है, जो कि एक स्पेशल सेल है और साथ ही पनिशमेंट वार्ड भी है। आफताब का दावा है कि पिछले 10 दिनों से कुछ साथी कैदी उसे लगातार धमका रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि कुछ कैदी नुकीले औजारों (सुई/सुआ) से उसका चेहरा छीलने और उसे जान से मारने की बात कह रहे हैं।
कोर्ट ने जेल प्रशासन को दी कड़ी हिदायत
आफताब ने उन पांच कैदियों के नाम भी दिए जो उसे धमका रहे हैं, हालांकि आरोपी की सुरक्षा को देखते हुए अदालत ने उन नामों को गोपनीय रखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सेशन्स जज हरगुरविंदर सिंह जग्गी ने जेल अधीक्षक को तत्काल कदम उठाने का आदेश दिया। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि यदि जरूरी हो, तो आफताब को अन्य खतरनाक कैदियों से दूर किसी अलग वार्ड या सेल में शिफ्ट किया जाए।
अदालत ने अपने आदेश में इस बात पर जोर दिया कि किसी भी विचाराधीन कैदी (UTP) की सुरक्षा राज्य की प्राथमिकता होनी चाहिए और यह निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का एक अहम हिस्सा है। कोर्ट ने जेल अधीक्षक से इस मामले पर जल्द से जल्द स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है और इसकी कॉपी मेहरौली पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी को भी भेजने के निर्देश दिए हैं।