शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर पोस्टर और स्याही से की गई लिखावट, पुलिस ने दर्ज किया केस
दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर पोस्टर लगाने और दीवारों को गंदा करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर पोस्टर लगाने और दीवारों पर काली स्याही से कुछ लिखने के मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। 24 अक्टूबर को स्टेशन के इमरजेंसी गेट नंबर 5 के पास पोस्टर चिपकाए गए थे और गेट नंबर 7 के पास एक शाफ्ट वॉल पर काली स्याही से कुछ लिखा गया था। इस घटना के बाद अब पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आईजीआई एयरपोर्ट मेट्रो पुलिस ने इस मामले में दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट और मेट्रो रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हरकत के पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था।
बड़ी साजिश की आशंका, जांच में जुटी स्पेशल सेल
यह पहली बार नहीं है जब एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर इस तरह की गतिविधियां देखी गई हैं। इससे पहले भी ट्रेन के अंदर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। उन पोस्टरों को जब्त कर लिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल को भी जांच में शामिल किया गया है।
पूर्व डीसीपी एलएन राव ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह के पोस्टर लगाना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आईपीसी की धारा 120बी (साजिश रचना) के तहत मामला दर्ज किया गया होगा। जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि इन लोगों को किसने निर्देश दिए थे और उनका असली मकसद क्या था। पुलिस अब सबूत जुटाकर उन जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जिन्होंने मेट्रो परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और वहां पोस्टर लगाए।