शंकर विहार मेट्रो स्टेशन: दिल्ली मेट्रो का इकलौता स्टेशन जहां आम जनता की एंट्री बैन
दिल्ली मेट्रो के शंकर विहार स्टेशन पर आम जनता का प्रवेश वर्जित है। जानिए क्यों यह स्टेशन सिर्फ डिफेंस कर्मियों के लिए खुला है।

दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में हजारों लोग हर दिन सफर करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यहां एक ऐसा स्टेशन भी है जहां आप ट्रेन से उतर तो सकते हैं, लेकिन स्टेशन से बाहर नहीं जा सकते? हम बात कर रहे हैं मैजेंटा लाइन पर स्थित शंकर विहार मेट्रो स्टेशन की। यह दिल्ली मेट्रो का एकमात्र ऐसा स्टेशन है, जहां आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है और केवल डिफेंस कर्मियों को ही यहां से बाहर निकलने की अनुमति मिलती है।
दरअसल, यह स्टेशन पूरी तरह से एक हाई-सिक्योरिटी डिफेंस कैंटोनमेंट एरिया के भीतर बना हुआ है। चूंकि यह जमीन रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई है, इसलिए यहां सुरक्षा के कड़े नियम लागू हैं। 29 मई 2018 को जब यह स्टेशन खुला था, तभी से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यह नीति लागू की थी कि स्टेशन से बाहर निकलने के लिए वैध डिफेंस पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। यदि किसी व्यक्ति के पास विशेष अनुमति या डिफेंस आईडी नहीं है, तो उसे परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाती।
सुरक्षा कारणों से लागू हैं कड़े नियम
सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त है कि अगर कोई आम यात्री गलती से इस स्टेशन पर उतर जाता है, तो उसे प्लेटफॉर्म छोड़ने की अनुमति नहीं मिलती। ऐसे यात्रियों को तुरंत अगली उपलब्ध ट्रेन पकड़कर स्टेशन से वापस जाने के लिए कहा जाता है। यह कदम सैन्य क्षेत्र की गोपनीयता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
हालांकि इस स्टेशन का संचालन DMRC द्वारा किया जाता है, लेकिन इसकी सुरक्षा का पूरा तालमेल रक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर बिठाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य कैंटोनमेंट की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अनधिकृत प्रवेश को रोकना है।