त्योहारी भीड़ से राहत: शकूर बस्ती से मानसी जंक्शन के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

त्योहारों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत दी है। रेलवे ने दिल्ली के शकूर बस्ती और बिहार के मानसी जंक्शन के बीच अनरिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए उन यात्रियों को सुविधा मिलेगी जो त्योहारों के समय घर जाने के लिए संघर्ष करते हैं।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह सेवा ट्रेन नंबर 04406 (शकूर बस्ती से मानसी जंक्शन) और ट्रेन नंबर 04405 (मानसी जंक्शन से शकूर बस्ती) के रूप में संचालित की जाएगी। यह ट्रेनें दोनों दिशाओं में कुल आठ-आठ फेरे लगाएंगी।
चेक करें ट्रेन चलने की तारीखें और रूट
अगर आप इस ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो तारीखों का खास ख्याल रखें। शकूर बस्ती से यह ट्रेन 5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर 2026 को रवाना होगी। वहीं, वापसी में मानसी जंक्शन से यह ट्रेन 7, 8, 9, 12, 13, 14, 15 और 16 नवंबर 2026 को चलेगी।
यह ट्रेन दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगी। इसके रूट में शकूर बस्ती, नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव जंक्शन, ऐशबाग, गोरखपुर, छपरा, बरौनी और खगड़िया जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
भारतीय रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) के जरिए या रेलवे पूछताछ नंबर 139 पर कॉल करके ट्रेन की सटीक समय-सारणी और रियल-टाइम स्टेटस की जांच जरूर कर लें।