शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम फिर होगा शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगी सस्ती कोचिंग

Kittu Kumari6 August 20262 min read49 viewsNCR
शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम फिर होगा शुरू, खिलाड़ियों को मिलेगी सस्ती कोचिंग

ग्रेटर नोएडा का शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम जल्द ही जनपदवासियों के लिए दोबारा संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में हुई जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। स्टेडियम को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ पुनः शुरू करने का फैसला किया गया है।

  • शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम का संचालन जल्द होगा शुरू।
  • विभिन्न खेलों के लिए लगेंगे सस्ती दरों पर कोचिंग कैंप।
  • 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक शुल्क 210 रुपये तय।
  • जिलाधिकारी ने स्कूलों के बच्चों और शिक्षकों का रोस्टर तैयार करने के दिए निर्देश।
  • विभिन्न खेलों के लगेंगे कोचिंग कैंप और प्रतियोगिताएं

    बैठक में तय किया गया कि समिति की ओर से स्टेडियम में प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग और शतरंज के कोचिंग कैंप चलाए जाएंगे। इसके अलावा जनपद स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी स्टेडियम में कराया जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

    तय किया गया सदस्यता शुल्क

    समिति ने स्टेडियम की सदस्यता शुल्क भी निर्धारित कर दी है। 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रुपये होगा। वहीं, 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले माह 310 रुपये और उसके बाद प्रत्येक माह 200 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यह व्यवस्था शासन द्वारा निर्धारित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के अनुरूप होगी।

    जिलाधिकारी और अधिकारियों के निर्देश

    जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद के विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार किया जाए। उन्हें नियमित रूप से शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित खेल गतिविधियों में प्रतिभाग कराया जाए। जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही प्रशिक्षण सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। बैठक में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली सहित अन्य अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

    Share:

    Comments

    Leave a comment