सीमपुरी में बिल्डिंग गिरने से मची तबाही, अब तक 4 की मौत, राहत कार्य जारी

Kittu Kumari8 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
सीमपुरी में बिल्डिंग गिरने से मची तबाही, अब तक 4 की मौत, राहत कार्य जारी

दिल्ली के सीमपुरी इलाके में स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास एक बहुमंजिला इमारत गिरने से भारी तबाही हुई है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मलबे से शव निकाले जा रहे हैं और कुछ अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

मृतकों की पहचान में अब तक नुसरत (उर्फ गुड़िया), हजरा बीबी, 21 वर्षीय गुलाफ्शा और एक छोटे बच्चे (3-4 साल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुलाफ्शा चार महीने की गर्भवती थी। इस हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें ताहीरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मोमिन मिर्जा, अब्दान, अब्दुल रहमान, देवरुद्दीन, सलमा, छोटे, सकीना और समद शामिल हैं।

हादसे की वजह: भूकंप या बगल वाली इमारत का विध्वंस?

मलबे को हटाने और बचाव कार्य में दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, NDRF, DDMA, MCD और DUSIB की टीमें जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल बिठाकर प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर यह इमारत गिरी क्यों।

जांच अधिकारियों के सामने तीन मुख्य पहलू हैं। पहला यह कि 6 अक्टूबर को उत्तराखंड में आए भूकंप के झटकों ने इमारत की नींव को कमजोर किया होगा। दूसरा, स्थानीय लोगों का दावा है कि पास की एक दूसरी प्रॉपर्टी में तोड़फोड़ का काम चल रहा था, जिससे इस इमारत का संतुलन बिगड़ गया। तीसरा पहलू इमारत की अवैध मंजिलें हैं; जहां MCD इसे ग्राउंड प्लस तीन मंजिल की बता रही है, वहीं निवासियों का कहना है कि इसमें हाल ही में मंजिलें बढ़ाकर इसे पांच मंजिला बनाया गया था। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इमारत में पहले से दरारें दिख रही थीं, जिसके कारण मालिक इसे खाली कराने की प्रक्रिया में था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment