दिल्ली में SEBI और IEPFA लगाएंगे 'निवेशक शिविर', शेयरों और डिविडेंड की समस्याओं का होगा समाधान
SEBI और IEPFA दिल्ली में 'निवेशक शिविर' लगा रहे हैं। यहाँ शेयर और डिविडेंड से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान होगा।

अगर आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं और लंबे समय से अपने शेयरों या डिविडेंड को लेकर किसी समस्या से जूझ रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी राहत की खबर है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) और निवेशक शिक्षा और संरक्षण निधि प्राधिकरण (IEPFA) मिलकर दिल्ली में आठवें 'निवेशक शिविर' (Niveshak Shivir) का आयोजन करने जा रहे हैं। यह आयोजन 17 नवंबर, 2026 को होगा, जहाँ निवेशकों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।
यह शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक लोधी रोड स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के जैकरांडा हॉल में चलेगा। जो लोग इस शिविर में शामिल होना चाहते हैं, वे वर्धमान मार्ग स्थित गेट नंबर 3 से प्रवेश कर सकते हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य निवेशकों के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहाँ उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
इन समस्याओं का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान
इस शिविर में मुख्य रूप से उन दावों को सुलझाया जाएगा जो पिछले सात वर्षों से लंबित हैं, जिसमें अनक्लेम्ड शेयर और डिविडेंड शामिल हैं। इसके अलावा, निवेशकों को निम्नलिखित सेवाओं में मदद मिलेगी:
- सिक्योरिटीज के ट्रांसमिशन से जुड़ी शिकायतों का निवारण।
- डुप्लीकेट शेयर सर्टिफिकेट जारी करवाने की प्रक्रिया।
- KYC अपडेट और नॉमिनेशन सेवाओं के लिए तत्काल सहायता।
शिविर में आने वाले निवेशकों या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को अपने साथ सरकारी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस लाना अनिवार्य होगा। इस पूरी प्रक्रिया में BSE, NSE, CDSL और NSDL जैसे बड़े मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर संस्थानों के साथ-साथ KFIN टेक्नोलॉजीज और बिगशेयर सर्विसेज जैसे रजिस्ट्रार और ट्रांसफर एजेंट भी सहयोग करेंगे।
रेगुलेटर्स ने बताया कि यह कदम बाजार अनुपालन को सुनिश्चित करने और आयकर अधिनियम 2025 व आयकर नियमों 2026 के अनुसार सिस्टम को अपडेट करने के प्रयासों का हिस्सा है।