दिल्ली में प्रदर्शनों पर रोक की मांग: सुप्रीम कोर्ट ने AAP और कांग्रेस समेत कई पक्षों से मांगा जवाब
दिल्ली के व्यापारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और AAP समेत कई पक्षों से जवाब मांगा है।

राजधानी दिल्ली के व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में होने वाले विरोध प्रदर्शनों से परेशान व्यापारियों ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। व्यापारियों का आरोप है कि इन प्रदर्शनों की वजह से उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार, आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, CJP और AISA को नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगा है।
यह याचिका 'किराना कमेटी' और 'दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट्स एसोसिएशन' की ओर से दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कोर्ट में दलील दी कि भीड़भाड़ वाले कमर्शियल इलाकों में होने वाले प्रदर्शनों से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुकानदारों की रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यापारियों को भी अपना व्यवसाय चलाने का मौलिक अधिकार है, जिसे इन प्रदर्शनों के कारण बाधित किया जा रहा है।
रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल बनाने पर उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान वकील मुकुल रोहतगी ने दिल्ली पुलिस के एक फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान को विरोध प्रदर्शनों के लिए एक निर्धारित स्थल (designated site) बनाना गलत है, क्योंकि यह मैदान शहर के बिल्कुल बीचों-बीच स्थित है और इसके चारों ओर थोक बाजार हैं। याचिका में मांग की गई है कि रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित करने के फैसले को रद्द किया जाए।
बता दें कि यह मामला पहले भी कोर्ट में आया था, लेकिन तब कोर्ट ने यह कहते हुए नोटिस जारी नहीं किया था कि याचिका में उन राजनीतिक दलों और संगठनों को पक्षकार नहीं बनाया गया है जिनके खिलाफ राहत मांगी गई है। अब उन पक्षों को शामिल करने के बाद कोर्ट ने उनसे जवाब मांगा है। इसके अलावा, कोर्ट दिल्ली में प्रदर्शनों पर लगी पाबंदियों और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी अन्य याचिकाओं पर भी सुनवाई कर रहा है, जिन्हें फिलहाल अगली तारीख के लिए स्थगित कर दिया गया है।