आय से अधिक संपत्ति मामला: सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर की बरी करने के फैसले को रखा बरकरार
सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति मामले में रिटायर्ड मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर की बरी करने की हाईकोर्ट की फैसले को बरकरार रखा है।

सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति (डिस्प्रोपोरशनेट एसेट्स) के मामले में रिटायर्ड मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर को मिली राहत को बरकरार रखा है। शीर्ष अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दायर उन दो याचिकाओं को खारिज कर दिया, जिनमें दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई थी जिसने कपूर की सजा को रद्द कर उन्हें बरी कर दिया था।
जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने मामले की सुनवाई की और रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतों का बारीकी से अध्ययन किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि उन्हें हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई ठोस आधार नहीं मिला है। इस फैसले के साथ ही अब मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर को इस कानूनी लड़ाई में बड़ी राहत मिल गई है। सीबीआई की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सूर्यप्रकाश वी. राजू सहित अन्य वरिष्ठ वकील पेश हुए थे, जबकि कपूर का पक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता मुक्त गुप्ता और उनकी टीम ने रखा।
क्या था पूरा मामला और कानूनी विवाद?
यह पूरा मामला साल 2007 का है, जब सीबीआई ने मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोप था कि उन्होंने 14 नवंबर 1971 से 10 अक्टूबर 2007 के बीच अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति जमा की थी। सीबीआई ने 2009 में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी।
केस की सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट ने 80 गवाहों के बयानों और सबूतों की जांच की। शुरुआत में 3.37 करोड़ रुपये की संपत्ति का आरोप था, जिसे बाद में घटाकर 2.22 करोड़ रुपये किया गया। सितंबर 2016 में ट्रायल कोर्ट ने उन्हें दोषी पाते हुए एक साल के कठोर कारावास और 50,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
हालांकि, जब यह मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा, तो कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को पलटते हुए कपूर को बरी कर दिया और उनकी सजा व संपत्ति जब्ती के आदेश को रद्द कर दिया। सीबीआई ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए तर्क दिया कि हाई कोर्ट ने सबूतों का सही मूल्यांकन नहीं किया और डिफेंस कॉलोनी (दिल्ली) व गोवा की संपत्तियों के संबंध में दिए गए स्पष्टीकरणों को बिना पर्याप्त जांच के स्वीकार कर लिया। सीबीआई ने अभियोजन की मंजूरी (Sanction for Prosecution) पर भी सवाल उठाए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की इन दलीलों को खारिज करते हुए हाई कोर्ट के फैसले को सही माना।