दिल्ली पुलिस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी: सौरभ भारद्वाज का FIR के बाद तीखा बयान

Kittu Kumari29 September 20262 min read2 viewsDelhi Local
दिल्ली पुलिस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी: सौरभ भारद्वाज का FIR के बाद तीखा बयान

दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट के मामले में FIR दर्ज होने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कड़ा रुख अपनाया है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पुलिस झूठे मामलों में फंसाकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि इस तरह की हरकतें काम नहीं आएंगी और पुलिस की यह गुंडागर्दी नहीं चलेगी। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पुलिसकर्मी डरे हुए हैं और उन्हें लगता है कि झूठे मुकदमे दर्ज करके वे हमें डरा सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सरकारी काम में बाधा डालने और लोक सेवक पर हमला करने से जुड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और आप कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं।

इससे पहले सोमवार को सौरभ भारद्वाज पार्टी विधायकों और पार्षदों के साथ मिलकर दिल्ली के विकासपुरी पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली के पीडब्ल्यूड मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। यह विरोध प्रदर्शन एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ, जिसमें आरोप लगाया गया कि तिलक नगर में सड़क निरीक्षण विवाद के दौरान मंत्री ने एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मार दिया था। विपक्ष के नेताओं द्वारा कथित तौर पर घटिया पीडब्ल्यूड सड़क निर्माण का खुलासा किए जाने के बाद यह विवाद गरमाया था।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी रविवार को तिलक नगर में हुई घटना के बाद बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि इस प्रोजेक्ट में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि आप के दस साल के शासन में दिल्ली में कभी भी खराब गुणवत्ता वाली सड़कें नहीं बनाई गईं। केजरीवाल ने मंत्री प्रवेश साहिब सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश किसी के बाप का नहीं है और आप किसी को इस तरह थप्पड़ नहीं मार सकते। उन्होंने मंत्री की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि कुछ दिन पहले ही बनी यह सड़क हाथ से उखड़ रही है, जो देश की राजधानी में कभी नहीं हुआ।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment