CR Park दुर्गा पूजा: सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर लगाया बंगाली समुदाय को परेशान करने का आरोप

दिल्ली के चितरंजन पार्क (CR Park) में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस बंगाली समुदाय और पूजा कमेटियों के साथ "सौतेले व्यवहार" कर रही है। भारद्वाज का दावा है कि पुलिस कर्मियों ने पूजा पंडालों में घुसकर बिजली कनेक्शन काट दिए, जिससे न केवल उत्सव में बाधा आई बल्कि उपकरणों को भी नुकसान पहुँचा।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उपराज्यपाल को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा बंगाली समुदाय को इस तरह परेशान किया जा रहा है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिल्ली सरकार 24x7 बिजनेस और दुकानों की अनुमति देने की बात करती है और शहर में अधिकांश रामलीलाओं को आधी रात के बाद तक चलने की छूट मिलती है, तो फिर बंगाली समुदाय के साथ यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है?
पंडाल में जबरन बिजली काटने का दावा
भारद्वाज ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि शनिवार को पुलिस कॉन्स्टेबल बी-ब्लॉक के दुर्गा पूजा पंडाल में जबरन दाखिल हुए और वहां के बिजली कनेक्शन काट दिए। उन्होंने कहा कि यह समुदाय दिल्ली के सबसे सभ्य और शिक्षित वर्गों में से एक है, फिर भी उनके साथ इस तरह का बर्ताव किया गया, जो पूरी तरह से गलत है।
दूसरी ओर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क, ग्रेटर कैलाश-II और आसपास के इलाकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 16 से 20 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से आधी रात तक इन क्षेत्रों में प्रतिबंध लागू रहेंगे। पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाकों में जगह की कमी और पार्किंग की समस्या के कारण भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है ताकि जाम की स्थिति न बने।