"धृतराष्ट्र की तरह अंधा है CAQM", सौरभ भारद्वाज ने लगाया AQI डेटा में हेरफेर का आरोप
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने CAQM पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में AQI डेटा के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आयोग फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि दिल्ली के AQI डेटा हेरफेर के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है। भारद्वाज ने दावा किया कि प्रदूषण के हॉटस्पॉट्स पर रीडिंग को कम दिखाने के लिए मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी छिड़का जा रहा है।
CAQM कार्यालय के बाहर मीडिया से बात करते हुए सौरभ भारद्वाज ने बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिवाली की रात को जानबूझकर AQI मॉनिटरिंग स्टेशनों को बंद कर दिया गया ताकि पटाखों से होने वाले प्रदूषण का सही आंकड़ा सामने न आए। आप नेता के मुताबिक, यह खेल पिछले साल भी खेला गया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी और अदालत ने इस मामले में CAQM से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी।
डेटा चोरी और CAQM की चुप्पी पर उठाए सवाल
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि प्रदूषण के स्तर को कम दिखाने के लिए अब नए मॉनिटरिंग स्टेशन उन इलाकों में लगाए जा रहे हैं जो अधिक हरे-भरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 4 नवंबर को CAQM के चेयरमैन को इस संबंध में शिकायत भेजी गई थी, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही पत्र का कोई जवाब मिला।
आयोग के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "CAQM धृतराष्ट्र की तरह अंधा बना हुआ है। ऐसे आयोग का क्या फायदा? हम यहाँ कोई शोर-शराबा या धरना देने नहीं आए थे, सिर्फ चेयरमैन से मिलना चाहते थे, लेकिन हमें अंदर जाने से रोक दिया गया और पुलिस को हमें हिरासत में लेने के लिए बुला लिया गया।"
उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि दिन-दहाड़े AQI डेटा के साथ धोखाधड़ी और 'चोरी' की जा रही है, लेकिन निगरानी करने वाली संस्था आंखें मूंदे बैठी है।
दूसरी ओर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। गिरते तापमान और कोहरे के बीच राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है, जिसे नियंत्रित करने के लिए शहर में वाटर स्प्रिंकलर्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।