ओखला लैंडफिल साइट पर कमिश्नर संजीव खिरवार का दौरा, कचरा हटाने के काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

दिल्ली में नगर निगम कमिश्नर संजीव खिरवार ने मंगलवार, 4 अगस्त को नई दिल्ली स्थित ओखला लैंडफिल साइट का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे बायोमाइनिंग कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान कमिश्नर खिरवार ने मौजूदा कचरे को निपटाने में हुई प्रगति पर संतोष जताया, लेकिन बचे हुए कचरे के प्रोसेस को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नया जमा हुआ कचरा भी जल्द से जल्द हटाने का निर्देश दिया।
भारी वाहनों के लिए रास्ता और नया प्लांट
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर खिरवार ने लैंडफिल साइट के एंट्रेंस को पक्का करने के निर्देश दिए, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही आसान हो सके। ओखला में वर्तमान में प्रतिदिन 1,400 टन ताजे कचरे को प्रोसेस करने की क्षमता वाले एक नए प्लांट का निर्माण चल रहा है, जिसके अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इस सुविधा से नए कचरे के निपटान की गति काफी बढ़ जाएगी।
C&D वेस्ट प्लांट का निर्माण कार्य
कमिश्नर ने ओखला में बन रहे कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी दौरा किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को नवंबर तक इसका निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम के चीफ इंजीनियर के. के. शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।